अमेरिका-इराक की उच्च-स्तरीय बैठक में सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति, बगदाद हमले की जांच पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका और इराक के बीच सुरक्षा और राजनयिक सुविधाओं पर सहयोग को लेकर उच्च-स्तरीय बैठक हुई। इस दौरान हाल ही में बगदाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास अमेरिकी राजनयिकों पर हुए हमले और उससे जुड़ी जांच पर भी चर्चा की गई।
बगदाद में अमेरिकी दूतावास ने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "अमेरिका और इराक के बीच उच्च संयुक्त समन्वय समिति की बैठक शनिवार को पांचवीं बार हुई। इस बैठक का उद्देश्य इराक में अमेरिकी राजनयिक सुविधाओं और उनके कर्मचारियों पर होने वाले हमलों को रोकने के लिए सहयोग के उपायों पर चर्चा करना था।''
दूतावास की ओर से बताया गया कि इस बैठक में आपसी हित के अन्य सुरक्षा मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
दूतावास ने कहा कि हम आठ अप्रैल को बगदाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास अमेरिकी राजनयिकों को निशाना बनाकर किए गए हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की तत्काल जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करने के प्रति इराक सरकार की प्रतिबद्धता की सराहना करते हैं, और हम इस जांच के परिणामों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
अमेरिकी दूतावास ने पूर्व पर्यावरण मंत्री निजार अमेदी को देश का नया राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी।
अमेरिकी दूतावास ने 'एक्स' पोस्ट पर लिखा, ''यूएस मिशन इराक राष्ट्रपति निजार अमीदी को उनके चुनाव पर हार्दिक बधाई देता है, क्योंकि वे अब इराक के राष्ट्रपति के तौर पर अपने कर्तव्यों का निर्वहन शुरू कर रहे हैं। हम इराक के नए नेतृत्व के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं, ताकि अमेरिका के साथ आपसी लाभकारी साझेदारी के जरिए सभी इराकियों के लिए एक संप्रभु, स्थिर और समृद्ध भविष्य को आगे बढ़ाया जा सके।''
इराकी संसद के अध्यक्ष हैबत अल-हल्बूसी ने रनऑफ मतदान में 227 वोट हासिल करने के बाद अमेदी को आधिकारिक रूप से विजेता घोषित किया। घोषणा के बाद नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ने संवैधानिक रूप से पद की शपथ ली।
यह महत्वपूर्ण सत्र 329 सदस्यीय संसद के लगभग 250 सांसदों की उपस्थिति में हुआ, जो राष्ट्रपति चुनाव के लिए आवश्यक 220 सदस्यों के संवैधानिक कोरम से अधिक था।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
