'सनातन संस्कृति का पावन प्रतीक', अमरनाथ यात्रा के शुभारंभ पर, अमित शाह, जेपी नड्डा सहित भाजपा नेताओं ने दी बधाई
नई दिल्ली, 3 जुलाई (आईएएनएस)। देश की सबसे पवित्र तीर्थ यात्राओं में शामिल अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ होने के साथ ही केंद्रीय मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने देशभर के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं। सभी नेताओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हो रहे श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, मंगलमय और सफल होने की कामना करते हुए इसे सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक बताया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "अमरनाथ की यात्रा सनातन संस्कृति के प्रति अटूट श्रद्धा, अडिग धैर्य, संयम और कभी हार न मानने वाली जीवटता का पावन प्रतीक है। आज से इस पवित्र यात्रा का शुभारंभ हो रहा है। बाबा बर्फानी के दर्शन-पूजन हेतु जाने वाले सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं। मोदी सरकार द्वारा संपूर्ण यात्रा मार्ग पर मल्टी-लेयर सुरक्षा ग्रिड, क्यूआर कोड आधारित पंजीकरण, श्रद्धालुओं के ठहरने, स्वास्थ्य सेवाओं व आपदा प्रबंधन की सुदृढ़ व्यवस्था की गई है, जिससे प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम व सुखद बनी रहे। हर-हर महादेव!"
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा, "श्रद्धा, भक्ति और आस्था के पावन पर्व 'अमरनाथ यात्रा' के शुभारंभ पर समस्त श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं। बाबा बर्फानी के दिव्य आशीर्वाद से सभी भक्तों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आगमन हो, यही प्रार्थना है। जय बाबा अमरनाथ!"
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लिखा, "सनातन आस्था के पावन प्रतीक, अलौकिक और दिव्य 'अमरनाथ यात्रा' का आज से शुभारंभ हो रहा है। इस पावन अवसर पर बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन की अभिलाषा के साथ इस दुर्गम एवं पुण्य यात्रा पर प्रस्थान करने वाले देशभर के समस्त शिवभक्तों और श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ। मैं देवाधिदेव महादेव से कामना करता हूँ कि आपकी यह यात्रा सुखद, सुरक्षित एवं मंगलकारी हो। जय बाबा बर्फानी!"
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, "ॐ नमः शिवाय! बाबा बर्फानी अमरनाथ की पवित्र यात्रा के शुभारंभ पर सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं! अमरनाथ यात्रा महान सनातन संस्कृति, आस्था, श्रद्धा, तप और देवाधिदेव महादेव के प्रति अटूट भक्ति का दिव्य प्रतीक है। यह पावन यात्रा देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखती है। मेरी प्रार्थना है कि आप सभी तीर्थयात्रियों की यात्रा सुखद, मंगलमय और कल्याणकारी हो तथा बाबा बर्फानी आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और आनंद से परिपूर्ण करें एवं सभी पर अपना आशीर्वाद सदैव बनाए रखें। जय बाबा बर्फानी!"
केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने लिखा, "अमरनाथ यात्रा के पावन शुभारंभ पर बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन के लिए प्रस्थान कर रहे सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएँ। भोलेनाथ की असीम कृपा आप सभी पर बनी रहे तथा यह पावन यात्रा सुख, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करे।"
--आईएएनएस
एसएके/एएस
