इलाहाबाद-झांसी स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान जारी, 152 बूथों पर कड़ी सुरक्षा
प्रयागराज, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की एमएलसी सीट के लिए भी मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। प्रशासन ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने खुद मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।
जिले में कुल 54 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 152 बूथ स्थापित किए गए हैं। चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पूरे क्षेत्र को 50 सेक्टर और 15 जोन में विभाजित किया गया है। हर जोन और सेक्टर पर वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि सुबह 8 बजे से मतदान शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गया था। 152 बूथ हैं, जिन्हें 50 सेक्टर में बांटा गया है और 15 जोन बनाए गए हैं। हर जगह पर सीनियर अधिकारियों को लगाया गया है और सभी अधिकारियों को उचित प्रशिक्षण दिया गया है। पूरी तैयारी के साथ शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। जिन बूथों को संवेदनशील के रूप में चिन्हित किया गया है, वहां अतिरिक्त तैनाती की गई है। हर बूथ पर वीडियोग्राफी और माइक्रो ऑब्जर्वर की भी नियुक्ति की गई है, जिससे लगातार निगरानी की जा रही है।"
पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि सभी केंद्रों पर मानकों के अनुसार पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है और हर केंद्र पर महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद हैं। पूरे क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटा गया है और जोनल व सेक्टर पुलिस अधिकारी अपने समकक्ष मजिस्ट्रेट के साथ लगातार भ्रमण कर रहे हैं।"
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि उन्होंने खुद कई मतदान केंद्रों पर जाकर मतदाताओं और विभिन्न दलों के एजेंटों से बातचीत की है। सभी ने अब तक की व्यवस्थाओं पर संतुष्टि जताई है। लोग आराम से आकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
उन्होंने आगे बताया कि कुछ केंद्र ऐसे हैं जहां बूथों की संख्या अधिक है और कुछ केंद्रों को उनके पिछले इतिहास के आधार पर संवेदनशील घोषित किया गया है। ऐसे सभी केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ-साथ पीएसी के जवानों को भी तैनात किया गया है।
वहीं, मिर्जापुर में भी मतदान सुचारु रूप से चल रहा है। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने सदर तहसील स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से कहा, "मैंने वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में अपना वोट डाला है। मुझे पूरा विश्वास है कि स्नातक और शिक्षक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्रों में हमारे सभी एनडीए और भाजपा उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे।"
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस
