एलिम्को में नौकरी का मौका: अप्रेंटिस के 89 पदों पर आवेदन शुरू, जानें अंतिम तिथि
लखनऊ, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। आर्टिफिशियल लिम्ब्स मैन्युफैक्चरिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम- एलिम्को) ने ट्रेनी अप्रेंटिस के कुल 89 पदों पर भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है। इन पदों में आईटीआई के 74 और डिप्लोमा के 15 पद शामिल हैं।
आईटीआई ट्रेड वैकेंसी में फिटर के 20, इलेक्ट्रीशियन के 06, इलेक्ट्रोनिक्स मैकेनिक के 10, मशीनिष्ट के 05, टर्नर के 04, वेल्डर (गैस एंड इलेक्ट्रिक) के 05, मैकेनिक मशीन टूल मेन्टीनेंस के 03, पलंबर के 01, सीओपीए (कंप्यूटर ऑपरेटर और प्रोग्रामिंग असिस्टेंट) के 14, शीट मेटल वर्कर के 4, और प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर के 2 पद शामिल हैं।
वहीं, पूर्णकालिक डिप्लोमा (पॉलीटेक्निक) पदों में कंप्यूटर विज्ञान/सूचना प्रौद्योगिकी के 02, तकनीकी प्रशिक्षु-इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के 03, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 04, मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट एंड सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस के 02, और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 04 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 मई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान/विश्वविद्यालय/बोर्ड से संबंधित पद अनुसार 10वीं, 12वीं, आईटीआई ट्रेड में एनसीवीटी/एससीवीटी प्रमाणपत्र, और (पॉलीटेक्निक) में पूर्णकालिक डिप्लोमा न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स का एनएटीएस या एनएपीएस की आधिकारिक पोर्टल पर रजिस्टर होने के साथ-साथ अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन की स्क्रीनिंग, शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एलिम्को की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी आधिकारिक अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को एप्लीकेशन फॉर्म के साथ अटैच करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे 'वरिष्ठ प्रबंधक (कार्मिक व प्रशासन), भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम, जीटी रोड, नारामऊ, कानपर-209217' पते पर डाक कर दें।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
