अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी कैंपस में शराब के नशे में धुत युवक-युवती का हंगामा, छात्रों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
अलीगढ़, 23 अगस्त (आईएएनएस)। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) कैंपस में वाइस-चांसलर के आवास के पास एक कार में एक पुरुष और महिला के शराब पीने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि छात्रों ने कार को घेर लिया और उसे नुकसान पहुंचाया। बाद में शराब में धुत युवक और युवती को पुलिस को सौंपा गया।
दरअसल, कैंपस में मौजूद छात्रों ने एक कार में कुछ युवकों और एक युवती को देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार के पास युवक और युवती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। युवती अपने साथ मौजूद युवक को मार रही थी। इसी दौरान, कार में मौजूद एक युवक अचानक निकलकर लाइब्रेरी की तरफ चला गया और कथित तौर पर रिसर्च डिवीजन में दाखिल हो गया। छात्रों ने उसे वहां से बाहर निकाला। इसी बीच यूनिवर्सिटी की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के प्रॉक्टर के मुताबिक, युवक और युवती दोनों कथित तौर पर नशे की हालत में थे। महिला टीम की मौजूदगी में दोनों को सुरक्षित स्थान पर लाया गया। यूनिवर्सिटी के प्रॉक्टर ने बताया कि युवती की हालत इतनी खराब थी कि उससे ठीक से खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था और उसने वॉशरूम में उल्टियां कीं। युवक की भी तबीयत बिगड़ी और उसे भी उल्टियां हुईं।
इसके बाद संबंधित थाना पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी गई। पुलिस कैंपस पहुंची और युवक-युवती को अपने साथ ले गई। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों कौन हैं, कैंपस में कैसे पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की असल वजह क्या थी.
छात्र फैसल त्यागी ने बताया कि एक लावारिश कार कैंपस में घुसी हुई थी। उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। कार में एक लड़की बैठी थी, जो लड़के से मारपीट कर रही थी। इसकी जानकारी यूनिवर्सिटी के प्रॉक्टर को दी गई। बाद में पुलिस को बुलाया गया और दोनों को उनके हवाले कर दिया। छात्र ने कहा कि लड़का और लड़की दोनों नशे की हालत में थे।
प्रोफेसर नवेद खान ने बताया कि हमें एक कार के बारे में पता चला था। इसमें सवार युवती अपने साथी युवक को पीट रही थी। वे नशे में धुत थे। बाद में दोनों को पुलिस को सौंप दिया गया।
--आईएएनएस
डीसीएच/
