अल्जीरिया को झटका, जबड़े में फ्रैक्चर के बाद लुका जिदान का फीफा वर्ल्ड कप 2026 में खेलना अनिश्चित
अल्जीयर्स, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। 12 साल बाद फीफा वर्ल्ड कप में वापसी करने जा रहे अल्जीरिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार गोलकीपर, लुका जिदान का जबड़ा और ठुड्डी टूट गई है, जिसके चलते इस बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंट में उनके खेलने पर संदेह पैदा हो गया है।
यह घटना रविवार को स्पेनिश सेकंड डिवीजन के मुकाबले में हुई, जहां ग्रेनाडा का सामना अल्मेरिया से था। विरोधी स्ट्राइकर थालिस से टक्कर के बाद उन्हें कंकशन हुआ। चोट लगने के बाद जिदान को रिप्लेस करना पड़ा।
क्लब ने मंगलवार को जारी बयान में कहा, "मेडिकल जांच में पता चला है कि गोलकीपर के जबड़े और ठुड्डी में भी फ्रैक्चर हुआ है। खिलाड़ी क्लब के मेडिकल स्टाफ से सलाह-मशविरा करके आने वाले कुछ घंटों में अपने इलाज की अगली प्रक्रिया पर फैसला करेगा।"
27 वर्षीय लुका, फ्रांस के दिग्गज फुटबॉलर जिनेदिन जिदान के बेटे हैं। इस खिलाड़ी की चोट के कारण बाकी सीजन में न खेल पाने की संभावना है, जिससे फीफा वर्ल्ड कप के लिए उनके चयन पर भी संदेह के बादल मंडरा रहे हैं।
लुका ने युवा स्तर पर अपने पिता की टीम फ्रांस का प्रतिनिधित्व किया था, लेकिन पिछले साल उन्हें अल्जीरिया के लिए खेलने के लिए चुना गया था, जो उनके दादा-दादी का देश है।
अल्जीरिया में लुका को अच्छे अवसर मिले। पिछले साल 'अफ्रीका कप ऑफ नेशंस' में अल्जीरिया के खेले गए 5 मुकाबलों में से चार में उन्होंने शुरुआती लाइन-अप में जगह बनाई थी। इसके अलावा, पिछले महीने उरुग्वे के खिलाफ एक दोस्ताना मैच में खेला था।
अल्जीरिया पांच बार (1982, 1986, 2010, 2014, 2026) फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर चुका है । टूर्नामेंट में उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2014 में 'राउंड-ऑफ-16' तक पहुंचना रहा है। यह देश ऐतिहासिक उलटफेर करने के लिए जाना जाता है, जिसने साल 1982 में पश्चिम जर्मनी को हराया और 1986 में एक ही टूर्नामेंट में दो मैच जीतने वाला पहला अफ्रीकी देश बना।
अल्जीरिया को 'ग्रुप-जे' में रखा गया है, जिसमें उसके साथ फीफा वर्ल्ड कप 2022 के चैंपियन अर्जेंटीना, जॉर्डन और ऑस्ट्रिया शामिल हैं। अल्जीरिया 16 जून को अर्जेंटीना के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।
--आईएएनएस
आरएसजी
