अक्षय कुमार के साथ स्क्रीन शेयर कर अक्षरा सिंह बेहद खुश, भोजपुरी को बड़ा मंच मिलने पर जताया गर्व
मुंबई, 25 मई (आईएएनएस)। भोजपुरी अभिनेत्री और सिंगर अक्षरा सिंह अपकमिंग फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के भोजपुरी गाने को लेकर चर्चा में हैं। इस गाने में वह अभिनेता अक्षय कुमार के साथ 'घिस घिस घिस' गाने में एनर्जेटिक अंदाज में नजर आईं। अक्षरा ने इस अनुभव को अपने करियर का बेहद खास पल बताया। उन्होंने कहा कि भोजपुरी भाषा को इतने बड़े मंच पर प्रस्तुत करना उनके लिए गर्व की बात है।
आईएएनएस से बातचीत में अक्षरा सिंह ने कहा, "मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे अक्षय कुमार के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला। यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे अक्षय सर के साथ काम करने का मौका मिलेगा। सबसे बड़ी खुशी इस बात की है कि मैं अपनी भोजपुरी भाषा और संस्कृति को इतने बड़े स्तर पर पेश कर पाई।”
उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान अक्षय कुमार ने उनका काफी सपोर्ट किया। सेट पर माहौल बेहद सहज था, जिससे वह खुलकर डांस और एक्सप्रेशन दे सकीं। अक्षरा ने कहा कि अक्षय कुमार भोजपुरी भाषा को समझने में भी काफी रुचि दिखा रहे थे। उन्होंने भोजपुरी लाइन का उच्चारण और उसका मतलब भी उनसे पूछा। हालांकि, गाने की शूटिंग के समय अक्षय कुमार को तेज बुखार था, उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, लेकिन जैसे ही गाना शुरू होता था, उनकी एनर्जी देखने लायक होती थी। स्टेप्स और एक्सप्रेशन को लेकर अक्षय कुमार का उत्साह काफी प्रेरणादायक रहा।
अक्षय कुमार के साथ ही अक्षरा ने कोरियोग्राफर गणेश आचार्य के साथ काम करने का भी अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया, "मैं बचपन से उनकी कोरियोग्राफी की प्रशंसक रही हैं। सेट पर गणेश आचार्य ने मुझे काफी सपोर्ट किया। जब मैं किसी शॉट को लेकर थोड़ा घबरा रही थीं, तब गणेश आचार्य ने टीम से कहा कि अक्षरा यह शॉट आसानी से कर लेंगी। इतने बड़े एक्टर्स और तकनीशियनों से प्रोत्साहन मिलना किसी भी कलाकार के लिए बहुत बड़ी बात होती है। शूटिंग के दौरान मुझे एक्सप्रेशन, टाइमिंग और कैमरे के सामने प्रस्तुति की कई बारीकियां सीखने का मौका मिला।"
जब उनसे शूटिंग के सबसे यादगार पल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पूरा अनुभव ही उनके लिए यादगार रहा। अक्षरा के मुताबिक, अक्षय कुमार का उनसे भोजपुरी लाइनें सीखना और गणेश आचार्य का उन्हें लगातार गाइड करना उनके लिए बेहद खास पल थे।
बातचीत के दौरान अक्षरा सिंह ने बिहार और भोजपुरी इंडस्ट्री के लोगों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह बिहार की बेटी हैं और चाहती हैं कि लोग भोजपुरी भाषा और संस्कृति को गर्व के साथ देखें। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोगों का प्यार और आशीर्वाद उन्हें आगे बढ़ने की ताकत देता रहेगा।
--आईएएनएस
एमटी/एबीएम
