अक्षय ओबेरॉय के करियर का टर्निंग पॉइंट रही 'फाइटर', बोले-मुझे मेरी मेहनत का फल मिला
मुंबई, 26 मार्च (आईएएनएस)। फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों को कौन-सा प्रोजेक्ट लोकप्रियता दिला दें, ये कहना मुश्किल होता है। कुछ ऐसा ही हुआ अभिनेता अक्षय ओबेरॉय के साथ जिन्होंने लंबे समय तक पहचान बनाने के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन लोकप्रियता उन्हें तब मिली, जब फिल्म साल 2024 में 'फाइटर' रिलीज हुई। यह फिल्म उनके करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई।
अक्षय ओबेरॉय के कहा, '''फाइटर' ने मेरे करियर को एक नया मोड़ दिया। यह फिल्म एक ऐसा अनुभव था, जिसने मुझे अंदर से मजबूत किया। इस फिल्म के बाद मुझे यह एहसास हुआ कि मैंने अभिनय का रास्ता क्यों चुना था। 'फाइटर' ने मुझे प्रोफेशनल तौर पर आगे बढ़ाया और इमोशनली एक नई एनर्जी दी। इस फिल्म के जरिए दर्शकों और फिल्ममेकर्स की नजर मुझ पर पड़ी, जिससे मेरे लिए नए मौके खुलने लगे।''
उन्होंने कहा, ''इस फिल्म के बाद मुझे कई बड़े प्रोजेक्ट्स में काम करने का मौका मिला। मैं फिलहाल 'टॉक्सिक' और 'किंग' फिल्मों में काम कर रहा हूं। एक समय ऐसा था, जब मैंने इस तरह के मौके की कल्पना भी नहीं की थी, लेकिन आज मैं इन प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनकर खुद को भाग्यशाली महसूस कर रहा हूं।''
अक्षय ओबेरॉय ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा, ''इंडस्ट्री में मेरा सफर आसान नहीं था। कई बार ऐसा समय आया, जब मुझे लगा कि चीजें आगे नहीं बढ़ रही हैं। मैं खुद से सवाल करने लगा, लेकिन कभी हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करता रहा। इसी मुश्किल समय ने मुझे मजबूत बनाया है और आगे आने वाले अच्छे समय के लिए तैयार किया।''
उन्होंने कहा, ''फिल्म इंडस्ट्री हर दिन इंसान को विनम्र बनाती है। इतने साल तक काम करने के बाद भी मैंने हमेशा खुद को सीखने की स्थिति में रखा। कई बार आत्मविश्वास डगमगाया, लेकिन मैंने अपने काम और प्रक्रिया पर भरोसा बनाए रखा। आज जब मैं अपने करियर के इस नए दौर में हूं, तो मुझे लगता है कि मेरी मेहनत का फल मुझे मिल रहा है।''
--आईएएनएस
पीके/वीसी
