अखिलेश यादव कृष्ण जन्मभूमि के लिए आवाज उठाएं तो धुल जाएगा पुराना पाप: दिनेश शर्मा
मथुरा, 17 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान का समर्थन करते हुए मथुरा विवाद में हिंदू पक्ष के याचिकाकर्ता दिनेश शर्मा ने कहा कि अयोध्या का पांच सौ वर्ष पुराना सपना पूरा हो चुका है। अब सनातनियों की यही कामना है कि मथुरा का सपना भी साकार हो। जिस प्रकार अयोध्या में भव्य दरबार सजा है, उसी प्रकार मथुरा में भी दरबार सजना चाहिए।
दिनेश शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि कृष्ण भक्तों की अब यही अभिलाषा है कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव आगे आएं और कृष्ण जन्मभूमि की आजादी के लिए आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में सपा की सरकार के समय राम भक्तों पर गोली चलाई गई थी, यदि अखिलेश यादव कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के लिए आवाज उठाएंगे तो वह पाप धुल जाएगा। ऐसा करने पर सभी कृष्ण भक्त भी उनके साथ खड़े हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य भी अखिलेश यादव के साथ खड़े होने की बात कह रहे हैं। यह बहुत अच्छा मौका है। सभी सनातनियों को एकजुट होना चाहिए और कृष्ण मंदिर के लिए आवाज उठानी चाहिए। जब भी न्यायालय का फैसला आएगा, तो हम यही चाहते हैं कि यहां कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य और दिव्य मंदिर बने।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को चुनौती दी है। उन्होंने कहा है कि यदि वे सच्चे कृष्ण भक्त या राम भक्त हैं और उन्हें मुस्लिम वोटों का लालच नहीं है, तो वे खुलकर सामने आएं और मथुरा में कारसेवा के लिए साथ आएं। केशव मौर्य ने कहा कि वे खुद उनके साथ रहेंगे।
उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य के इस बयान के बाद मथुरा के मामले पर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। हिंदू पक्ष के याचिकाकर्ता दिनेश शर्मा ने भी इसपर सहमती जाहिर की है। उनका कहना है कि कृष्ण भक्त लंबे समय से मथुरा में भव्य मंदिर के निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अब जब अयोध्या में राम मंदिर बन गया है, तो लोगों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
