अखिलेश यादव की अयोध्या यात्रा राजनीतिक नौटंकी, जनता सब याद रखती है: प्रवीण खंडेलवाल
नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अखिलेश यादव की रामलला के दर्शन करने की योजना को राजनीतिक नौटंकी करार देते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आने पर इस तरह की गतिविधियों से जनता को प्रभावित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पहले भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलवाई, वे अब राजनीतिक लाभ के लिए राम मंदिर जाने की बात कर रहे हैं।
प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने श्रीराम के अस्तित्व पर प्रश्न उठाया था। अयोध्या में कारसेवा के दौरान कारसेवकों पर गोली चलवाई गई थी, जिसमें कई लोग मारे गए और घायल हुए थे। उस घटना के घाव आज तक नहीं भरे हैं। उन्होंने सवाल किया कि अब ऐसा क्या हो गया कि अखिलेश यादव को अयोध्या धाम जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करने की जरूरत महसूस हो रही है।
भाजपा सांसद ने कहा कि अखिलेश यादव की न तो कोई आस्था है और न ही कोई विचारधारा। चुनाव नजदीक होने के कारण अखिलेश यादव को लगता है कि अयोध्या जाकर दर्शन करने से बहुसंख्यक समाज का वोट मिल जाएगा, लेकिन वे बड़ी गलतफहमी में हैं। जनता उनके पुराने कार्यों को भूली नहीं है और आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। लोगों का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और उनके काम करने के तरीके पर है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का समर्थन किए जाने पर भी प्रवीण खंडेलवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू करना भाजपा और उसकी सरकार का एजेंडा है। केवल महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि देश के हर राज्य में समान नागरिक संहिता लागू होगी। खंडेलवाल ने दावा किया कि यूसीसी लागू होने के बाद देश की सामाजिक स्थिति में बदलाव आएगा। भारत में घुसपैठ करके आए और देश की सुविधाओं का लाभ उठा रहे लोगों पर भी इससे बड़े पैमाने पर प्रतिबंध लगेगा।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों की ओर से सीआरपीएफ की पेट्रोलिंग पार्टी पर किए गए हमले को लेकर भाजपा सांसद ने घायल जवानों और उनके परिवारों के प्रति समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि घायल सैनिकों के साथ पूरा देश मजबूती से खड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आतंकवाद को किसी भी स्थान पर और किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
--आईएएनएस
पीएसके
