अखिलेश यादव का घोषणापत्र झूठ का पुलिंदा, मुसलमानों के विकास का कोई जिक्र नहीं किया : मौलाना शहाबुद्दीन
बरेली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें मुसलमानों की समस्याओं और उनके विकास को लेकर कोई ठोस बात नहीं कही गई है। इसके अलावा उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीट बंटवारे और आजम खान द्वारा असदुद्दीन ओवैसी की दाढ़ी पर की गई टिप्पणी को लेकर भी अपनी राय रखी।
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने जो घोषणा पत्र जारी किया है, वह झूठ का पुलिंदा है। इसमें मुसलमानों का कहीं कोई जिक्र नहीं है। मुस्लिम समाज की आर्थिक परेशानियों, शैक्षिक पिछड़ेपन और सामाजिक उत्थान को लेकर कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्रों में हमेशा मुसलमानों के विकास, प्रगति और कल्याण से जुड़े मुद्दों को जगह दी जाती थी, लेकिन मौजूदा घोषणा पत्र में ऐसा कुछ भी देखने को नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घोषणा पत्र केवल दिखावा है, जिसका उद्देश्य लोगों को गुमराह करना और उनकी आंखों में धूल झोंकना है।
सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर भी मौलाना शहाबुद्दीन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा जल्द से जल्द तय होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही थी, उसी दौरान समाजवादी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इससे साफ जाहिर होता है कि सपा कांग्रेस को कमजोर करने और उसका मजाक उड़ाने की कोशिश कर रही है।
मौलाना ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की यह पुरानी प्रवृत्ति रही है और अखिलेश यादव भी उसी रास्ते पर चल रहे हैं। गठबंधन पर बातचीत जारी रहने के बावजूद उम्मीदवारों की सूची जारी करना सहयोगी दल के प्रति उचित व्यवहार नहीं है।
आजम खान द्वारा असदुद्दीन ओवैसी की दाढ़ी को लेकर की गई टिप्पणी पर मौलाना शहाबुद्दीन ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज में दाढ़ी रखने वाले व्यक्ति को धार्मिक माना जाता है और उसे सम्मान की नजर से देखा जाता है।
उन्होंने कहा कि आजम खान ने जिस तरह से दाढ़ी को लेकर अपनी बात रखी है, वह धार्मिक भावनाओं का अपमान है। मौलाना ने आजम खान से अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगने की मांग की।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी
