अखिलेश यादव और विपक्ष के पास धरना देने के अलावा कोई काम नहीं : ओपी राजभर
अंबेडकर नगर, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। उन्होंने ओवैसी और अखिलेश यादव के बीच राजनीतिक संबंधों को लेकर दावा किया कि ओवैसी समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन अखिलेश यादव ने उन्हें नजरअंदाज किया।
ओम प्रकाश राजभर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने शुरुआत में ओवैसी को किनारे कर दिया था लेकिन सहारनपुर, बहराइच, कानपुर और आजमगढ़ में उनकी रैलियों में उमड़ी भीड़ देखकर वे परेशान हो गए। ओवैसी की रैलियों में लोगों की मौजूदगी ने अखिलेश यादव की चिंता बढ़ा दी है।
उन्होंने बिहार और पश्चिम बंगाल में ओवैसी के चुनाव लड़ने का जिक्र करते हुए कहा कि इससे वहां के राजनीतिक समीकरण प्रभावित हुए थे। अब अखिलेश यादव को चिंता है कि यदि ओवैसी उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ते हैं, तो इसका समाजवादी पार्टी पर क्या असर पड़ेगा।
इंडी गठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर राजभर ने विपक्ष पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं के पास कोई काम नहीं है और वे खाली बैठकर चाय पीने तथा प्रेस कॉन्फ्रेंस करने में समय बिता रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से विपक्षी नेताओं को चाय पर आमंत्रित किए जाने पर भी उन्होंने इसी तरह की टिप्पणी की। राजभर ने कहा कि विपक्षी नेता बैठकर चाय पिएं और प्रेस कॉन्फ्रेंस करें, जबकि सरकार अपना काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य देश और प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे ले जाना तथा जनता को खुशहाल बनाना है। सरकार इसी दिशा में काम कर रही है। दिल्ली के जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के निर्धारित स्थलों की सूची से हटाए जाने के सवाल पर राजभर ने कहा कि ऐसे फैसले सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं। लखनऊ में भी सुरक्षा कारणों से धरना स्थल बदला गया था।
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि वे जहां भी बैठेंगे, धरना शुरू कर देंगे। अखिलेश यादव को जीवनभर धरना ही देना है और इसके अलावा उनके पास कोई काम नहीं है।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम
