Aapka Rajasthan

अजित पवार विमान हादसे की जांच से लेकर 'शीश महल' तक, हुसैन दलवई ने कई मुद्दों पर रखी राय

मुंबई, 17 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने अजित पवार के विमान हादसे को लेकर रोहित पवार के आरोप, बिलकिस बानो मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले, सपा नेता आजम खान को मिली राहत, चुनाव आयोग और महिला आरक्षण विधेयक समेत कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा पर चुनाव के समय धार्मिक मुद्दे उठाने का आरोप लगाया। वहीं, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के चर्चित 'शीश महल' को जनता के लिए खोलने के फैसले पर भी सवाल उठाए।
 

मुंबई, 17 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने अजित पवार के विमान हादसे को लेकर रोहित पवार के आरोप, बिलकिस बानो मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले, सपा नेता आजम खान को मिली राहत, चुनाव आयोग और महिला आरक्षण विधेयक समेत कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा पर चुनाव के समय धार्मिक मुद्दे उठाने का आरोप लगाया। वहीं, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के चर्चित 'शीश महल' को जनता के लिए खोलने के फैसले पर भी सवाल उठाए।

रोहित पवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार पर अजित पवार की मौत के जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश करने का आरोप लगाए जाने पर हुसैन दलवई ने कहा कि इस मामले को लेकर बहुत से लोगों के मन में संदेह है। एक बड़े नेता की जान गई है, इसलिए हादसे की ठीक ढंग से जांच होनी चाहिए। पूरे मामले की निष्पक्ष और गंभीर पड़ताल जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

बिलकिस बानो मामले में दोषियों की उम्रकैद की सजा पर रोक लगाकर सशर्त जमानत दिए जाने पर दलवई ने कड़ी नाराजगी जताई। दलवई ने कहा कि इस मामले में बेहद गंभीर अपराध हुए थे और ऐसे दोषियों को राहत दिया जाना गलत है। उन्होंने न्याय व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह के मामलों में अदालत को फैसले पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। कानून हाथ में लेकर लोगों की हत्या और अन्य गंभीर अपराध करने वालों को राहत मिलना उचित नहीं है।

फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान को हाई कोर्ट से मिली राहत को सुप्रीम कोर्ट द्वारा बरकरार रखे जाने पर दलवई ने इसे सही बताया। उन्होंने कहा कि आजम खान को जेल से रिहा होने के बाद दोबारा गिरफ्तार किया जाता है और उनके खिलाफ नए आरोप लगाए जाते हैं। दलवई ने कहा कि आजम खान ने बच्चों की शिक्षा के लिए एक अच्छी यूनिवर्सिटी बनाई है। उनके खिलाफ जिस तरह से मामले चलाए गए, वह उन्हें गलत लगता है।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के 'अब मथुरा की बारी' वाले बयान पर दलवई ने कहा कि चुनाव आते ही भाजपा के पास हिंदू-मुस्लिम और मंदिरों से जुड़े मुद्दे रह जाते हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने जनता के लिए जरूरी काम नहीं किए हैं और इसी वजह से लोगों में नाराजगी है। भाजपा जानबूझकर धार्मिक मुद्दों को उठाकर दूसरे सवालों से ध्यान हटाना चाहती है।

राहुल गांधी के प्रस्तावित कोलंबिया दौरे को भारत विरोधी ताकतों से मुलाकात बताने संबंधी भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी की टिप्पणी पर दलवई ने कहा कि राहुल गांधी को ऐसी मुलाकात की जरूरत नहीं है। उन्होंने भाजपा से पहले अपनी राजनीति पर आत्ममंथन करने को कहा। अमित शाह द्वारा राहुल गांधी को विदेश दौरे छोड़कर गांवों में जाने की सलाह दिए जाने पर दलवई ने पलटवार करते हुए कहा कि ऐसी सलाह पहले प्रधानमंत्री को दी जानी चाहिए, क्योंकि उनके भी विदेश दौरे होते हैं और उन पर करोड़ों रुपये खर्च होते हैं।

सोनिया गांधी की किताब पर दलवई ने कहा कि किताब में उनके निजी जीवन और राजनीतिक सफर से जुड़ी बातें सामने आई हैं। उन्होंने दावा किया कि पुस्तक के जरिए सोनिया गांधी ने अपने बारे में फैली गलत धारणाओं को स्पष्ट किया है और इसे बड़े पैमाने पर पाठक खरीद रहे हैं।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर इंडिया गठबंधन की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाखिल आवेदन पर दलवई ने कहा कि चुनाव आयोग और अन्य संस्थाओं को सरकार से स्वतंत्र होकर काम करना चाहिए। उन्होंने आयोग पर गलतियां करने का आरोप लगाया और कहा कि सुप्रीम कोर्ट को इस मामले में निर्णय लेना जरूरी है। गठबंधन ने आयोग से 48 सवालों के जवाब मांगने की अनुमति मांगी है।

महिला आरक्षण विधेयक पर आदित्य ठाकरे के बयान का समर्थन करते हुए दलवई ने कहा कि विधेयक 2023 में पारित हो चुका है, इसलिए इसे परिसीमन से जोड़े बिना मौजूदा सीटों पर लागू करना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि वर्तमान सीटों पर ही महिलाओं को आरक्षण क्यों नहीं दिया जा सकता।

दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा केजरीवाल के 'शीश महल' को जनता के लिए खोलने की घोषणा पर दलवई ने सवाल किया कि इससे आम लोगों को क्या हासिल होगा। उन्होंने पूछा कि जनता वहां देखने के लिए आएगी और चली जाएगी, जबकि दिल्ली में कई लोग ऐसे हैं जिनके पास रहने के लिए घर नहीं है।

--आईएएनएस

पीएसके