युवाओं की जिद के आगे झुकी भाजपा सरकार, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा बहुत पहले होना चाहिए था: अजय राय
लखनऊ, 25 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस, युवाओं और छात्रों की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था और प्रधानमंत्री मोदी को यह कदम पहले उठा लेना चाहिए था। यह कार्रवाई काफी देर से हुई है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लंबे समय से इस मुद्दे को लगातार उठाते रहे और छात्रों व युवाओं की आवाज़ को मजबूती से सामने लाते रहे। उन्होंने दावा किया कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा कांग्रेस के संघर्ष, राहुल गांधी के नेतृत्व और उन युवाओं की जीत है जिन्होंने अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की।
उन्होंने कहा कि यह केवल किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के आम नागरिकों, छात्रों और युवाओं की जीत है। अजय राय ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पार्टी नेतृत्व की भूमिका का भी उल्लेख करते हुए कहा कि सभी ने इस मुद्दे पर एकजुट होकर संघर्ष किया और युवाओं का पूरा समर्थन किया।
साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि कोई अनियमितता सामने आती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। भविष्य की रणनीति पर अजय राय ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व आगे की दिशा तय करेगा और पार्टी युवाओं से जुड़े मुद्दों को उसी मजबूती के साथ उठाती रहेगी। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस जनता और युवाओं के हितों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "लाठियों, आंसू गैस और पुलिसिया दमन के बल पर सच को दबाने की कोशिश करने वाली भाजपा सरकार को आज युवाओं की जिद के आगे झुकना ही पड़ा। यह जीत देश के लाखों उन मेहनती छात्रों की है जो रातों-रात अपने भविष्य के लिए सड़कों पर डटे रहे। हमारे नेता राहुल गांधी और कांग्रेस का हर कार्यकर्ता युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर खड़ा था और रहेगा। अब मांग स्पष्ट है इस पूरे तंत्र की गहराई से जांच हो और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी दोषी को न बख्शा जाए।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी
