Aapka Rajasthan

एयर इंडिया ने की सीईओ कैंपबेल विल्सन के इस्तीफे की पुष्टि

नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की प्रमुख एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया में बड़ा बदलाव सामने आया है। कंपनी ने मंगलवार को घोषणा की कि उसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, वे तब तक अपने पद पर बने रहेंगे जब तक नए सीईओ की नियुक्ति नहीं हो जाती।
 
एयर इंडिया ने की सीईओ कैंपबेल विल्सन के इस्तीफे की पुष्टि

नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की प्रमुख एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया में बड़ा बदलाव सामने आया है। कंपनी ने मंगलवार को घोषणा की कि उसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, वे तब तक अपने पद पर बने रहेंगे जब तक नए सीईओ की नियुक्ति नहीं हो जाती।

कंपनी ने बताया कि विल्सन ने वर्ष 2024 में ही एन. चंद्रशेखरन को 2026 में पद छोड़ने की अपनी योजना के बारे में बता दिया था। इसके बाद से वे संगठन और नेतृत्व टीम को मजबूत और स्थिर बनाने पर काम कर रहे थे ताकि नेतृत्व परिवर्तन सुचारू रूप से हो सके।

कैंपबेल विल्सन ने अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि एयर इंडिया के निजीकरण के बाद पिछले चार वर्षों में कंपनी में कई बड़े बदलाव हुए हैं। इस दौरान चार एयरलाइनों का अधिग्रहण और सफल विलय किया गया, साथ ही पब्लिक सेक्टर से प्राइवेट सेक्टर की कार्यशैली की ओर बदलाव हुआ।

उन्होंने बताया कि इस अवधि में नेतृत्व टीम, वर्कफोर्स, कार्य संस्कृति और ऑपरेशन सिस्टम में व्यापक सुधार किया गया। एयरलाइन ने अपने सिस्टम का आधुनिकीकरण किया, नए उत्पाद लॉन्च किए और जमीन से लेकर उड़ान तक सेवाओं के स्तर को बेहतर बनाया।

विल्सन ने आगे कहा कि कंपनी ने अपने बेड़े में 100 नए विमान शामिल किए हैं और पुराने विमानों के इंटीरियर को भी लगभग पूरी तरह अपग्रेड कर लिया गया है। इसके अलावा, नए डिजाइन वाले वाइडबॉडी विमानों की डिलीवरी भी शुरू हो चुकी है।

उन्होंने यह भी बताया कि एयर इंडिया ने दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी ट्रेनिंग अकादमी, फ्लाइट सिम्युलेटर सुविधाएं, फ्लाइंग स्कूल और मेंटेनेंस, रिपेयर व ओवरहाल (एमआरओ) बेस जैसे महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की है।

विल्सन ने कहा, "अब जब कंपनी मजबूत नींव पर खड़ी है और 2027 से बड़े पैमाने पर नए विमानों की डिलीवरी शुरू होने में कुछ ही समय बचा है, तो एयर इंडिया के उत्थान के अगले चरण के लिए बागडोर किसी नए व्यक्ति को सौंपने का यह सही समय है। एयर इंडिया के साथ जुड़ना मेरे लिए सचमुच सम्मान की बात है, और मैं इस शानदार संगठन और इसके लोगों का आगे भी समर्थन करता रहूंगा।"

एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने विल्सन के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों में उन्होंने कई चुनौतियों के बावजूद कंपनी को नई दिशा दी है। कोविड के बाद सप्लाई चेन में आई दिक्कतों, विमानों की डिलीवरी में देरी और वैश्विक भू-राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि विल्सन और उनकी टीम ने विभिन्न पृष्ठभूमि से आए कर्मचारियों को एक साझा लक्ष्य के तहत एकजुट किया और 'नए एयर इंडिया' की मजबूत नींव रखी।

कंपनी के बोर्ड ने नए सीईओ की नियुक्ति के लिए एक समिति का गठन कर दिया है, जो आने वाले महीनों में उत्तराधिकारी का चयन करेगी। एयर इंडिया के इस नेतृत्व बदलाव को कंपनी के अगले विकास चरण के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

--आईएएनएस

डीबीपी