Aapka Rajasthan

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस 1 अप्रैल से पश्चिम एशिया में 30 उड़ानें संचालित करेंगी

नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने घोषणा की है कि 1 अप्रैल 2026 से पश्चिम एशिया क्षेत्र (मुख्य रूप से यूएई) से आने-जाने वाली कुल 30 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित की जाएंगी। इसमें 16 गैर-निर्धारित उड़ानें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से होंगी।
 
ये उड़ानें उपलब्ध स्लॉट, मौजूदा परिचालन शर्तों और संबंधित भारतीय और यूएई नियामक प्राधिकरणों से प्राप्त अनुमतियों के अधीन संचालित की जाएंगी। एयर इंडिया ने स्पष्ट किया कि उत्तरी अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और अन्य क्षेत्रों से आने-जाने वाली सभी नियमित उड़ानें तय शेड्यूल के अनुसार ही चल रही हैं और उनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।

एयरलाइन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई राहत उपाय घोषित किए हैं। जिन यात्रियों ने उन रूटों पर बुकिंग कराई है जहां एयर इंडिया ग्रुप की सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित हुई हैं, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख आगे बढ़ा सकते हैं या पूरा टिकट रद्द कर पैसे वापस ले सकते हैं।

एयर इंडिया के यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी री-बुकिंग या कैंसलेशन की प्रक्रिया एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पूरी करें। अधिक जानकारी के लिए वे 24×7 कस्टमर सपोर्ट हॉटलाइन +91-11-69329333 या +91-11-69329999 पर संपर्क कर सकते हैं।

एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए भी राहत दी गई है। यूएई के किसी भी स्टेशन से बुकिंग कराने वाले यात्री बिना अतिरिक्त शुल्क के एयर इंडिया एक्सप्रेस की अन्य उपलब्ध कमर्शियल उड़ानों में अपनी सीट री-बुक कर सकते हैं।

एयर इंडिया ग्रुप ने प्रभावित यात्रियों से सीधे संपर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर अपडेट रखने चाहिए ताकि उन्हें री-बुकिंग और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर मिल सकें।

--आईएएनएस

एससीएच