एआईएमआईएम ने बंगाल में ‘जंगल राज’ का आरोप लगाया, पुणे बलात्कार-हत्या पर फांसी की मांग
मुंबई/किशनगंज, 3 मई (आईएएनएस)। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने रविवार को पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बंगाल में जंगल राज जैसी स्थिति थी।
वारिस पठान ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "देखिए, हर कोई जानता है कि बंगाल में क्या हो रहा था, वहां कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई थी। मैं बंगाल में मौजूद था, क्योंकि हमारी पार्टी वहां 11 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।"
दिल्ली के विवेक विहार में लगी आग में 9 लोगों की मौत पर वारिस पठान ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि फायर टेंडर देर से पहुंचने की घटनाएं चिंताजनक हैं। पठान ने मांग की कि ऐसी घटनाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या जानबूझकर लगाई गई थी।
पुणे में साढ़े तीन साल की नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार और हत्या की जघन्य घटना पर एआईएमआईएम ने आक्रोश व्यक्त किया। वारिस पठान ने कहा, "यह बेहद दुखद और निंदनीय घटना है। जिसने भी यह जघन्य कृत्य किया है, उसे सार्वजनिक रूप से फांसी दी जानी चाहिए।"
बिहार के सभी स्कूलों में 'वंदे मातरम' को अनिवार्य करने के फैसले पर एआईएमआईएम बिहार अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल ईमान ने इसे 'नकली देशभक्ति' करार दिया। अख्तरुल ईमान ने कहा, "यही तो 'नकली देशभक्ति' का असली मतलब है। जिन लोगों का देश की आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं था, वे आज खुद को सबसे बड़ा देशभक्त बताते हैं। जिन लोगों ने लाठीचार्ज सहे, जेल काटी और आजादी के लिए कुर्बानियां दीं, उन्होंने भी इसे अनिवार्य नहीं माना था।"
एआईएमआईएम पार्टी बंगाल चुनाव में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक न्याय, कानून व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव के मुद्दों को लगातार उठा रही है।
--आईएएनएस
एससीएच
