Aapka Rajasthan

एआईएमआईएम-आजाद समाज पार्टी के गठबंधन से नहीं पड़ेगा फर्क, भाजपा के खिलाफ एकजुट हो विपक्ष : जिया उर रहमान बर्क

लखनऊ, 22 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान बर्क ने उज्जैन में मस्जिद गिराए जाने के आरोपों, सहारनपुर मस्जिद विवाद और मथुरा को लेकर केशव प्रसाद मौर्य के बयानों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) के बीच हुए गठबंधन से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। भाजपा को हराने के लिए विपक्ष को एकजुट होने की जरूरत है।
 

लखनऊ, 22 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान बर्क ने उज्जैन में मस्जिद गिराए जाने के आरोपों, सहारनपुर मस्जिद विवाद और मथुरा को लेकर केशव प्रसाद मौर्य के बयानों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्‍होंने कहा कि एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) के बीच हुए गठबंधन से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। भाजपा को हराने के लिए विपक्ष को एकजुट होने की जरूरत है।

एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) के बीच हुए गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान बर्क ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "मुझे नहीं लगता कि इसका कोई असर पड़ेगा। गठबंधन बनते हैं और चुनाव लड़ते हैं, लेकिन विधानसभा, लोकसभा और स्थानीय निकाय चुनावों की परिस्थितियां अलग-अलग होती हैं। विधानसभा चुनावों के दौरान, लोग मुख्य रूप से राज्य के मुद्दों को ध्यान में रखकर वोट देते हैं। फिलहाल, पूरे उत्तर प्रदेश में लोग बेरोजगारी, महंगाई और कानून-व्यवस्था की स्थिति से परेशान हैं। आपने रोजगार और परीक्षा पत्रों को लेकर युवाओं की चिंताएं भी देखी होंगी। लोग भाजपा को सत्ता से हटाना चाहते हैं। बाकी मोर्चों के पास अभी कोई बड़ा जनाधार नहीं है। मैं तो यही कहूंगा कि अगर उनका मकसद भी भाजपा को हटाना है, तो उन्हें समाजवादी पार्टी और इंडिया ब्‍लॉक का समर्थन करना चाहिए, ताकि हम सब मिलकर भाजपा के खिलाफ अपनी कोशिशों को मजबूत कर सकें।"

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के सहारनपुर मस्जिद विवाद के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि मुसलमानों के हक को छीने जाने की बात कही। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जिया उर रहमान बर्क ने कहा कि जहां भी भाजपा शासित राज्‍य है, वहां मुसलमानों के अधिकारों का हनन हो रहा है। मस्जिदों और मुसलमानों को टारगेट किया जा रहा है। मैं इसकी निंदा करते हूं।

उन्‍होंने कहा कि सहारनपुर मस्जिद का मामला सिर्फ भारत ही नहीं पूरी दुनिया में उठा था। भाजपा को सोचना चाहिए कि इस तरह भारत की छवि खराब हो रही है। अगर समय रहते सुधार नहीं किया गया तो आने वाले समय में लोगों की बीच में इतनी दूरियां पैदा हो जाएंगी।

मध्‍य प्रदेश में सिंहस्‍थ की तैयारियों के बीच मस्जिदों और मजारों को तोड़ने का आरोप लगाया जा रहा है। इसकी निंदा करते हुए बर्क ने कहा कि विकास होना और सड़कों का निर्माण करना अलग बात है, लेकिन किसी विशेष समुदाय के धार्मिक स्‍थलों को टारगेट करने की इजाजत हमारा संविधान नहीं देता है। संविधान से बड़ा कोई नहीं है, चाहे कोई मंत्री या मुख्‍यमंत्री क्‍यों न हो।

श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद अब मथुरा को लेकर डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयानों और 'राधे-राधे कमल खिला दे' के नारों को लेकर बर्क ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की परिस्थिति ऐसी है कि वह जनता के बीच कौन सा मुद्दा लेकर जाएं। भाजपा और कर ही क्या सकती है? उनकी हालत ऐसी है कि वे जनता का सामना नहीं कर सकते। आपने देखा होगा कि कोई बच्चा परीक्षा में फेल हो जाए, तो वह अपने माता-पिता को रिपोर्ट कार्ड दिखाने से डरता है। भाजपा की हालत भी कुछ ऐसी ही है। वे सोच रहे हैं कि आखिर वे जनता के सामने कौन सा रिपोर्ट कार्ड पेश करें। पहले तो वे 'डबल इंजन' और 'ट्रिपल इंजन' सरकार होने के बड़े-बड़े दावे करते थे। लेकिन, विकास, रोजगार और महंगाई के मोर्चे पर वे पूरी तरह फेल हो चुके हैं। उनकी कानून-व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है। इसीलिए वे जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करने की स्थिति में नहीं हैं।"

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी