Aapka Rajasthan

एम्स रेवाड़ी में 15 फैकल्टी पदों पर आवेदन शुरू, 50 वर्ष तक के उम्मीदवारों के पास नौकरी का अवसर

चंडीगढ़, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। एम्स-रेवाड़ी (हरियाणा) ने सीधी भर्ती के आधार पर अपने विभिन्न विभागों में फैकल्टी (ग्रुप-ए) के कुल 15 पदों पर भर्ती निकाली है।
 

चंडीगढ़, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। एम्स-रेवाड़ी (हरियाणा) ने सीधी भर्ती के आधार पर अपने विभिन्न विभागों में फैकल्टी (ग्रुप-ए) के कुल 15 पदों पर भर्ती निकाली है।

एम्स-रेवाड़ी की ओर से जिन विभागों में फैकल्टी के 15 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की गई है, उनमें एनेस्थिसियोलॉजी में एसोसिएट प्रोफेसर का 1, एनाटॉमी में एसोसिएट प्रोफेसर के 2, बायोकेमिस्ट्री में असिस्टेंट प्रोफेसर का 1, जनरल मेडिसिन में एसोसिएट प्रोफेसर का 1 और असिस्टेंट प्रोफेसर का 1, जनरल सर्जरी में एसोसिएट प्रोफेसर का 1 और असिस्टेंट प्रोफेसर का 1, ऑब्स्टेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी में एसोसिएट प्रोफेसर का 1 और असिस्टेंट प्रोफेसर का 1, ऑर्थोपेडिक्स में असिस्टेंट प्रोफेसर का 1, पीडियाट्रिक्स में असिस्टेंट प्रोफेसर का 1, फिजियोलॉजी में असिस्टेंट प्रोफेसर का 1, साइकियाट्री में एसोसिएट प्रोफेसर का 1 और रेडियोलॉजी में एसोसिएट प्रोफेसर का 1 पद शामिल है।

फैकल्टी के पोस्ट के लिए जारी 15 रिक्तियों में एसोसिएट प्रोफेसर के 8 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 7 पद शामिल हैं। इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 8 अक्टूबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 7 नवंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जाती है।

अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित स्पेशलिटी के अनुसार एमडी/एमएस और क्वालिफाइंग डिग्री के बाद स्पेशलिटी में तीन वर्ष का टीचिंग/रिसर्च अनुभव होना चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 50 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग के आधार पर शॉर्ट लिस्टिंग, वस्तुनिष्ठ मानदंडों के आधार पर लिखित परीक्षा या स्क्रीनिंग और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी एसोसिएट प्रोफेसर पद के लिए 1,38,300 से 2,09,200 रुपए और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 1,01,500 से 1,67,400 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 3,000 रुपए और एससी/एसटी के लिए 2,400 रुपए तय किया गया है। वहीं, पीडब्लूयूबीडी श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एम्स-रेवाड़ी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे 'रजिस्ट्रार, आयुष ब्लॉक, ग्राउंड फ्लोर, ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, माजरा, रेवाड़ी, हरियाणा- 123102' पते पर डाक या हाथ से तय समय सीमा के अंदर पहुंचा दें।

--आईएएनएस

डीके/वीसी