एडन मार्करम को टी20 फॉर्मेट का बेहतर ओपनर बनाने में आईपीएल की भूमिका: फाफ डू प्लेसिस
नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने ग्रुप स्टेज और सुपर-8 में अजेय रहते हुए टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। दक्षिण अफ्रीका के लिए कप्तान एडन मार्करम बतौर बल्लेबाज भी सफल रहे हैं। मार्करम इस विश्व कप के सफल सलामी बल्लेबाजों में से एक हैं और टीम को उन्होंने अधिकांश मैचों में अच्छी शुरुआत दिलायी है।
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डू प्लेसिस ने कहा है कि आईपीएल में एलएसजी के लिए ओपनर की भूमिका निभाने के बाद मार्करम बतौर ओपनर बेहतर हुए हैं।
फाफ डू प्लेसिस ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से बात करते हुए कहा, "आईपीएल में एलएसजी के लिए बतौर ओपनर खेलते हुए उनके अनुभव ने उन्हें शुरुआती छह ओवरों में प्रभावी खेलने की आदत दी। आईपीएल 2025 में मार्करम का पावरप्ले स्ट्राइक रेट 151.13 था, जो उनके ओपनिंग पार्टनर क्विंटन डी कॉक, रोहित शर्मा और विल जैक्स से बेहतर रहा। आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए उनका शानदार प्रदर्शन उन्हें सफल टी20 ओपनर बनाने में अहम रहा।"
डू प्लेसिस ने कहा कि मार्करम ने स्ट्राइक रेट बढ़ाने और तकनीकी रूप से सही खेल दिखाने में शानदार काम किया। उन्होंने टीम मैनेजमेंट को साबित किया कि वह ओपनिंग और मिडिल ऑर्डर दोनों में प्रभावशाली खेल सकते हैं। उनके अनुभव और आईपीएल में इम्पैक्ट-प्लेयर नियम के तहत मिली आजादी ने उन्हें टी20 क्रिकेट में उत्कृष्ट बनाया है।
एडेन मार्करम न केवल तकनीकी रूप से सशक्त हैं, बल्कि उनकी स्ट्राइक रेट, लचीलेपन और कप्तानी कौशल ने उन्हें 2026 टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के लिए अहम खिलाड़ी बना दिया है। मार्करम को अब दक्षिण अफ्रीका का फुल-टाइम ओपनर बनाया गया है। टीम मैनेजमेंट एसए20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले रेयान रिकेल्टन को नंबर 3 पर भेज रही है।
मार्करम इस विश्व कप के तीसरे और दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 7 मैचों की 7 पारियों में 3 अर्धशतक लगाते हुए 175.16 की स्ट्राइक रेट और 53.60 की औसत से 268 रन बनाए हैं।
--आईएएनएस
पीएके
