एआईसीडब्ल्यूए ने देवा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, बोले- उनकी धुनें हमेशा रहेंगी याद
मुंबई, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। 'गाना किंग' के नाम से मशहूर दक्षिण भारतीय फिल्मों के दिग्गज संगीतकार और गायक देवा (देवनेसन चोक्कलिंगम) अब इस दुनिया में नहीं रहे। इसको लेकर एआईसीडब्ल्यूए ने गायक को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गायक के लिए एक नोट लिखा, जिसमें उन्होंने गायक के व्यक्तित्व और उनकी कला की जमकर सराहना की।
एआईसीडब्ल्यूए ने लिखा, "ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) को मशहूर संगीतकार और गायक देवा (देवनेसन चोक्कलिंगम) के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। 'थेनिसाई थेंड्रल' के नाम से प्रसिद्ध देवा को तमिल सिनेमा में 'गाना के जनक' के रूप में भी सम्मान दिया जाता है, एक ऐसी शैली जिसे उन्होंने लोकप्रिय बनाया और मुख्यधारा की फिल्म संगीत का हिस्सा बनाया।"
उन्होंने आगे लिखा, "उनके संगीत ने तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा में कई फिल्मों के जरिए दर्शकों के दिलों को छुआ, जिनमें आसई, कादल कोट्टई और खुशी जैसी फिल्में शामिल हैं। सुपरस्टार रजनीकांत के साथ अन्नामलाई, बाशा और अरुणाचलम में उनकी जोड़ी ने भारतीय सिनेमा को कुछ सबसे यादगार गाने और बैकग्राउंड स्कोर दिए। कमल हासन की अव्वई शनमुघी के लिए उनका संगीत आज भी बेहद लोकप्रिय है। 400 से ज्यादा फिल्मों तक फैला उनका शानदार संगीत सफर, उन्हें लाखों संगीत प्रेमियों के दिलों में एक खास जगह दिलाता है।"
एआईसीडब्ल्यूए ने संगीतकार और गायक देवा (देवनेसन चोक्कलिंगम) के निधन को एक युग का अंत बताया। एसोसिएशन ने श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, "उनका निधन भारतीय फिल्म और संगीत इंडस्ट्री के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी कालजयी धुनें और अविस्मरणीय रचनाएं हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी। पूरा एआईसीडब्ल्यूए परिवार दिवंगत आत्मा को दिल से श्रद्धांजलि और गहरी संवेदना अर्पित करता है। उनकी आत्मा को शांति मिले और भगवान इस कठिन समय में उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत चाहने वालों को शक्ति और हिम्मत दें। ओम शांति। एक युग का अंत हो गया है।"
एसोसिएशन ने आगे लिखा, "इस क्षति ने संगीत इंडस्ट्री के साथ-साथ पूरी तमिल, तेलुगु और मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ा दी है। देवा जी को हमेशा याद किया जाएगा और उनके गाने और उनकी विनम्रता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। हम उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं और उनके परिवार को इस कठिन समय को सहने की शक्ति की कामना करते हैं।"
--आईएएनएस
एनएस/एबीएम
