अहमदाबाद: साबरमती रिवरफ्रंट पर साइकिल रैली का आयोजन, सांसद दिनेश मकवाणा ने दिया 'फिट इंडिया' का संदेश
अहमदाबाद, 7 जून (आईएएनएस)। अहमदाबाद नगर निगम और भारतीय खेल प्राधिकरण के संयुक्त उपक्रम से रविवार को साबरमती रिवरफ्रंट (वेस्ट) पालड़ी स्थित सरदार ब्रिज के नीचे स्थित लोअर प्रोमेनेड पर 'सायक्लोथॉन' आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद दिनेश मकवाणा और अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट शामिल हुए।
सांसद दिनेश मकवाणा और मेयर हितेश बारोट ने कार्यक्रम के दौरान साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाई। इस 'सायक्लोथॉन' में लगभग 1,000 से अधिक साइकिल चालक शामिल हुए। इसमें अहमदाबाद के नागरिकों, स्कूल बोर्ड के शिक्षक और विद्यार्थी, जिम और स्विमिंग पूल के कोच व सदस्य, स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ गुजरात और इंडिया, पुलिस बल, एनसीसी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि व साइक्लिंग क्लब के सदस्य भी जुड़े।
नागरिकों के लिए जुम्बा, एरोबिक्स और योग जैसी स्वास्थ्यप्रद गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। नगर निगम ने नागरिकों से फिट इंडिया, मेदस्विता मुक्त गुजरात और स्वस्थ जीवनशैली के संकल्प में भाग लेने की अपील की।
सांसद दिनेश मकवाणा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "अहमदाबाद में आज 'सायक्लोथॉन' का आयोजन किया गया है, जिसमें एक हजार से अधिक नागरिकों ने हिस्सा लिया है। एनजीओ, अनेकों डॉक्टर, वकील के अलावा स्कूल-कॉलेज के टीचर व छात्रों भी शामिल हुए। 'फिट इंडिया' यह एक नारा नहीं, बल्कि एक संकल्प है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि हर रविवार को साइकिल चलाने का संकल्प लें। प्रधानमंत्री मोदी भी जनता से अपील कर चुके हैं कि सभी को साइकिल का उपयोग करना चाहिए। इसलिए सभी लोगों से आह्वान है कि सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें और अगर नजदीक जाना है तो साइकिल का उपयोग करें।"
अहमदाबाद के हितेश बारोट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 'फिट इंडिया' का आह्वान किया है। इसी क्रम में अहमदाबाद के लोग फिट रहें, हमने 'सायक्लोथॉन' का आयोजन किया है। इसके जरिए हम लोगों तक यही संदेश देना चाहते हैं कि अहमदाबाद के लोग फिट रहें।
--आईएएनएस
डीसीएच/
