Aapka Rajasthan

अहमदाबाद पुलिस का 'मिशन फिट खाकी' सफल, 12 हफ्तों में पुलिसकर्मियों ने घटाया 17 किलो तक वजन

अहमदाबाद, 2 जून (आईएएनएस)। पुलिसकर्मियों की सेहत और फिटनेस को बेहतर बनाने के लिए शुरू किया गया अहमदाबाद पुलिस का 'मिशन फिट खाकी' सफल साबित हुआ है। मंगलवार को इस कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने बताया कि नतीजे अच्छे आए हैं।
 
पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने कहा कि 'मिशन फिट खाकी' कार्यक्रम 12 हफ्ते तक चला, जिसका मंगलवार को समापन हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके अच्छे नतीजे आए हैं। उन्होंने कहा, "मोटापा सारी बीमारियों की जड़ है। कार्यक्रम की शुरुआत होने पर हमने सभी का वजन और ब्लड टेस्ट कराए थे। 12 हफ्ते के बाद आज फिर से सभी पुलिसकर्मियों का वजन और ब्लड टेस्ट कराया गया है। इन 12 हफ्तों में कई लोगों का वजन 17 किलोग्राम तक घटा है।"

उन्होंने बताया कि ऐसे कुल 10 लोग हैं, जिनका वजन पिछले 12 हफ्ते में 10 से 17 किलोग्राम कम हुआ है। इस प्रोग्राम का फायदा सभी को मिला है। कई लोगों का वजन 7 से 8 किलो कम हुआ है। कुछ लोगों को पहले ब्लड प्रेशर की समस्या था, इस फिटनेस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद उनकी दवाइयां भी बंद हो चुकी हैं। कुछ लोग शुगर की दवाई लेते थे, जिन्हें अभी इसकी जरूरत नहीं रही है।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जिन लोगों को फायदा हुआ है, वे पुलिस स्टेशन लेवल और जोन लेवल पर अन्य पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग देंगे, ताकि दूसरों का स्वास्थ्य भी अच्छा हो। जीएस मलिक ने कहा कि 12 हफ्ते के कार्यक्रम को दौरान पुलिसकर्मियों को काफी जानकारियां दी गईं। मैंने खुद उन्हें बताया कि क्या करना है और किस तरह करना है।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के जरिए हमने पुलिसकर्मियों को दिमागी तौर पर भी मजबूत किया है कि किन चीजों को खाने से परहेज करना है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जिन लोगों को 12 हफ्ते के कार्यक्रम से फायदा हुआ है, उनके परिजन भी खुश हैं।

आम जनता से अपील करते हुए पुलिस कमिश्नर ने कहा, "आप अपने दिमाग को मजबूत करें। कम से कम एक घंटा अपने शरीर को दें और लंबी वॉक करें। खान-पान का खास ध्यान रखें।"

--आईएएनएस

डीसीएच/