Aapka Rajasthan

आगरा में चांदी चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार; 16 किलो चांदी और 2 लग्जरी कारें बरामद

आगरा, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बस से व्यापारी की चांदी चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया। थाना रकाबगंज और सर्विलांस सेल (नगर जोन) की संयुक्त टीम ने 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 16 किलो 365 ग्राम सफेद धातु के आभूषण, एक चांदी की सिल्ली, दो लग्जरी कारें, 4 मोबाइल और 49 हजार रुपए बरामद किए हैं।
 
आगरा के पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर आगरा पुलिस अपराध के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। बस से व्यापारी की सफेद धातु चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग के 5 अभियुक्तों को थाना रकाबगंज व सर्विलांस सेल (नगर जोन) की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया।

एडीसीपी मनोज कुमार ने कहा, "थाना रकाबगंज में आजमगढ़ के रहने वाले व्यक्ति चंदन सिंह ने सूचना दी कि 25 अगस्त के आसपास उन्होंने आगरा से बनारस के लिए 6 कट्टा चांदी मंगवाई थी। 26 अगस्त को इन्होंने वो सामान यहां से लोड करवाया था और अगले दिन बनारस में जब सामान मिला, तो उसमें 6 में से दो कट्टे गायब थे, जो दो बोरे में लगभग 48 किलो चांदी थीं।"

उन्होंने बताया कि थाना रकाबगंज में शिकायत दर्ज कराई गई और उसी के आधार पर टीम ने कार्रवाई शुरू की। बैद्यनाथ नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया और इसके बाद पूछताछ में बताया गया कि संजय ट्रैवलर्स नाम की एजेंसी के माध्यम से चांदी आगरा से बनारस जा रही थी। बैद्यनाथ पहले इस ट्रैवल एजेंसी में काम कर चुका है और उसे पता है कि गाड़ी के अंदर इस तरह के सामान जाते हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बैद्यनाथ ने अपने दोस्तों को मिलाकर रेकी शुरू की और जिस बस में सामान लदा था, उसके पीछे-पीछे गाड़ी से गए। रात्रि में जब इटावा के आसपास ढाबे पर बस चालक खाना खाने गए, तो उस समय मौका देखकर इन्होंने सीट के नीचे से दो कट्टे चांदी निकालकर पीछे अपनी गाड़ी में लाद ली और फरार हो गए।

उन्होंने कहा कि बैद्यनाथ से पूछताछ के बाद चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन्होंने और भी कई ऐसे नाम बताए हैं, जिन्हें चांदी दे रखी थी और कई सोनारों और रिश्तेदारों को भी इन्होंने चांदी दी थी। इनकी तलाश की जा रही है और जितना ज्यादा से ज्यादा रिकवरी हो पाए, वो करने की कोशिश करेंगे। पांच लोगों को फिलहाल गिरफ्तार किया गया है, जिसमें से चार मध्य प्रदेश और एक राजस्थान का रहने वाला है। मनोज कुमार ने कहा कि गिरोह का मुखिया महिंदर पर चोरी के 16 मुकदमे पंजीकृत हैं।

--आईएएनएस

केके /वीसी