Aapka Rajasthan

आगरा के दशहरा घाट पर विदेशी मेहमानों ने किया बप्पा का विसर्जन, भारतीय संस्कृति पर लुटाया प्यार

आगरा, 21 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजमहल के पीछे स्थित दशहरा घाट पर विदेशी पर्यटकों ने भारतीय परंपराओं में रंगते हुए भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया। विदेशी मेहमानों ने पूरे श्रद्धाभाव और उत्साह के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया और यमुना में गणपति बप्पा को विसर्जित किया।
 

आगरा, 21 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजमहल के पीछे स्थित दशहरा घाट पर विदेशी पर्यटकों ने भारतीय परंपराओं में रंगते हुए भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया। विदेशी मेहमानों ने पूरे श्रद्धाभाव और उत्साह के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया और यमुना में गणपति बप्पा को विसर्जित किया।

इस दौरान घाट का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। विदेशी पर्यटकों ने न सिर्फ विसर्जन की विधि को करीब से देखा बल्कि खुद भी उसमें शामिल होकर भारतीय संस्कृति को समझने की कोशिश की। ढोल-नगाड़ों की थाप पर उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। दशहरा घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों के लिए भी यह नजारा बेहद खास और आकर्षक रहा। विदेशी पर्यटकों की भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं में बढ़ती दिलचस्पी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।

इस अनुभव को लेकर एक विदेशी पर्यटक ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "गणेश जी को भेंट चढ़ाना वाकई एक अनोखा अनुभव था। मुझे यह बहुत पसंद आया, यह जगह सांस्कृतिक रूप से बहुत समृद्ध है।"

वहीं एक अन्य विदेशी पर्यटक ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, "हमें बुलाने के लिए धन्यवाद। सबके साथ नाचना और भारत के त्योहारों का आनंद लेना वाकई बहुत मजेदार रहा।"

एक और विदेशी मेहमान ने कहा कि उन्हें यहां आकर काफी अच्छा लग रहा है। यहां के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें अपनेपन का एहसास कराया।

इस मौके पर नागालैंड से आए रोबिन ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा, "यहां सब कुछ बहुत अच्छा है। सभी यहां पर आनंद ले रहे हैं। हमें भी काफी अच्छा लग रहा है।"

वहीं, इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी गणेश विसर्जन कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी ने ढोल की थाप पर जमकर डांस किया और रंग-गुलाल उड़ाया। भक्तिमय माहौल के बीच पूरे विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की मूर्ति का विसर्जन किया गया।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम