Aapka Rajasthan

अग्निवीर योजना युवाओं को रोजगार नहीं, अस्थायी भविष्य दे रही : इमरान मसूद

नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने विभिन्न राजनीतिक और धार्मिक मुद्दों पर बयान देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत और कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर निशाना साधा। उन्होंने अग्निवीर योजना, महिला सुरक्षा, सनातन धर्म और सोना खरीदने को लेकर प्रधानमंत्री की अपील पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। इसके अलावा राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत को लेकर राहुल गांधी की तारीफ की।
 

नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने विभिन्न राजनीतिक और धार्मिक मुद्दों पर बयान देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत और कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर निशाना साधा। उन्होंने अग्निवीर योजना, महिला सुरक्षा, सनातन धर्म और सोना खरीदने को लेकर प्रधानमंत्री की अपील पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। इसके अलावा राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत को लेकर राहुल गांधी की तारीफ की।

कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मथुरा में दिए गए बयान, 'फिर कह रहा हूं, हमारे बांके बिहारी जी टेढ़े हैं' पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि अब भगवान कृष्ण ही इसका जवाब देंगे, जैसे भगवान राम ने दिया था। उन्होंने कहा कि पहले ये लोग कहते थे कि हम राम को लाए हैं। भगवान को लाने वालों को भगवान ने पैदल अयोध्या में कैसे किया था, वैसे ही अब भगवान कृष्ण इन्हें पैदल करेंगे।

अखिलेश यादव के सत्ता में आने पर अग्निवीर योजना समाप्त करने के ऐलान पर इमरान मसूद ने कहा कि यह योजना खत्म कर दी जाएगी। उन्होंने अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें दिहाड़ी मजदूर बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि चार साल की नौकरी के बाद युवाओं के सामने चौकीदारी करने की मजबूरी होगी। मसूद ने कहा कि युवाओं को इस तरह का रोजगार स्वीकार नहीं है।

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के सनातन धर्म के उत्थान को लेकर दिए गए बयान पर भी मसूद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म आदि काल से है और इसे किसी ने बनाया नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि क्या मोहन भागवत ने सनातन धर्म की स्थापना की है? मसूद ने आरोप लगाया कि देश में धार्मिक मुद्दों को लेकर तमाशा बनाया जा रहा है और लोग ऐसी बातों में आ जाते हैं।

उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर मसूद ने सवाल उठाए। पीएम मोदी ने कहा था कि अब बेटियां रात 11 बजे भी काम करके घर लौट रही हैं। इस पर इमरान मसूद ने नोएडा से दिल्ली तक आई एक बस में बच्ची के साथ दुष्कर्म की हालिया घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सुरक्षा के दावों और जमीनी हकीकत में अंतर है।

वहीं, सोना न खरीदने की प्रधानमंत्री की अपील की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की अपील से किए जाने पर मसूद ने कहा कि दोनों की तुलना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि शास्त्री ने देश से अपील करने से पहले खुद और अपने परिवार के बच्चों को त्याग के लिए तैयार किया था। मसूद ने प्रधानमंत्री मोदी को सलाह दी कि पहले खुद मितव्ययिता अपनाएं, फिर जनता से अपील करें। उन्होंने कहा कि पूर्व पीएम शास्त्री सादगी से रहते थे और एक दिन में चार सूट नहीं बदलते थे।

राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत पर इमरान मसूद ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि पूरे देश में उनका जलवा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस को इसी तरह की बड़ी जीत मिलेगी। मसूद ने कहा कि आने वाले समय में राहुल गांधी का प्रभाव और बढ़ेगा।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम