Aapka Rajasthan

अगर हम कैच छोड़ेंगे तो लक्ष्य का बचाव नहीं कर सकते: वेणुगोपाल राव

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के क्रिकेट डायरेक्टर वेणुगोपाल राव ने माना कि कैच छोड़ने और खराब गेंदबाजी की वजह से उनकी टीम को आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में शनिवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। राव ने केएल राहुल की नाबाद 152 रनों की शानदार पारी की सराहना की, और आगे के मुकाबलों में गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
 
अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट खोकर 264 रन बनाए। हालांकि, पंजाब किंग्स की तरफ से प्रभसिमरन और प्रियांश आर्या की सलामी जोड़ी ने पावरप्ले में ही 116 रन जोड़े। इसके साथ ही कप्तान श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों पर नाबाद 71 रनों की शानदार पारी खेलकर पंजाब किंग्स को ऐतिहासिक जीत दिलाई। पंजाब किंग्स ने 7 गेंद शेष रहते हुए ही दिल्ली कैपिटल्स से मिले 265 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।

प्रभसिमरन को शुरुआत में जीवनदान देने के अलावा, अय्यर को करुण नायर ने आखिर में पांच गेंदों के अंदर दो बार जीवनदान भी दिया, जिसका खामियाजा दिल्ली कैपिटल्स को भुगतना पड़ा। राव ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हां, मैं कह सकता हूं कि आज हमने 2 नहीं, लगभग 6 कैच छोड़े। देखिए, जब आप अहम समय पर बल्लेबाजों का कैच छोड़ते हैं, तो मुझे नहीं लगता कि हम इस तरह के मैच जीत पाएंगे। प्रभसिमरन, प्रियांश आर्य और श्रेयस जैसे खिलाड़ियों के खिलाफ मिले मौकों का हमें फायदा उठाना चाहिए था।अगर हम कैच छोड़ते हैं, तो हम डिफेंड नहीं कर पाएंगे।”

राव ने सबसे पहले केएल राहुल को टीम को इतने बड़े स्कोर तक पहुंचाने का श्रेय दिया। “देखिए, 264 रन बनाने और टारगेट देने के बाद भी हम डिफेंड नहीं कर पाए। सबसे पहले, श्रेय केएल को जाता है, जिन्होंने हमें इतने बड़े स्कोर तक पहुंचाया। कोई नहीं जानता कि पिच कैसा बर्ताव कर रही थी, लेकिन वह बॉल को अच्छे से हिट करते रहे। जिस तरह से वह आखिरी ओवर तक खेले उनको सलाम है।"

"राहुल ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। इससे भी जरूरी बात यह है कि इस फॉर्मेट में आप रिलैक्स नहीं कर सकते। उन्होंने एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर जिम्मेदारी ली और आपने इस सीजन में देखा कि वह क्या लेकर आते हैं। मैं उनके लिए खुश हूं। हम जीत नहीं पाए, लेकिन हम अगले मैच में मजबूती से वापसी करेंगे।"

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी