एफसी अंडर-20 विमेंस एशियन कप के लिए भारत की 23-सदस्यीय टीम घोषित
नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। एएफसी अंडर-20 विमेंस एशियन कप के लिए भारत की 23 सदस्यीय टीम घोषित हो गई है। थाईलैंड में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय अंडर-20 महिला टीम के हेड कोच जोआकिम अलेक्जेंडर्सन ने सोमवार को टीम का ऐलान किया है।
भारत ने 20 साल बाद इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया है। भारतीय टीम 2 अप्रैल को थम्मासैट स्टेडियम में जापान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद 5 अप्रैल को पथुम थानी स्टेडियम में उसका सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। 8 अप्रैल को भारत के सामने चीनी ताइपे की टीम होगी।
प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें, और सभी ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीमें क्वार्टर-फाइनल में पहुंचेंगी। क्वार्टर-फाइनल के विजेता फीफा अंडर-20 महिला विश्व कप पोलैंड 2026 के लिए क्वालीफाई करेंगे।
'यंग टाइग्रेस' 20 मार्च को बैंकॉक पहुंचीं और उन्हें वहां के स्थानीय माहौल में ढलने के लिए 13 दिन मिले। यात्रा करने वाले ग्रुप में 24 खिलाड़ी शामिल थे, जिनमें से डिफेंडर अल्का इंदवार को अब रिलीज कर दिया गया है, क्योंकि अलेक्जेंडर्सन ने फाइनल टूर्नामेंट के लिए अपनी 23 खिलाड़ियों की टीम को अंतिम रूप दे दिया है।
आईडब्ल्यूएल के पहले चरण के समापन के बाद, भारत ने जनवरी में बेंगलुरु में अपना मौजूदा ट्रेनिंग कैंप शुरू किया था। इसके बाद, उन्होंने स्वीडन में एक महीने का कैंप लगाया। इस दौरान स्वीडिश क्लब टीमों की सीनियर टीमों के खिलाफ पांच दोस्ताना मैच खेले। स्कैंडिनेविया से लौटने के बाद, यंग टाइग्रेस ने बैंकॉक, थाईलैंड जाने से पहले कोलकाता में अपनी ट्रेनिंग फिर से शुरू की।
एएफसी अंडर-20 विमेंस एशियन कप थाईलैंड 2026 के लिए भारत की 23-सदस्यीय टीम:
गोलकीपर: मोनालिशा देवी मोइरंगथेम, नंदिनी, रिबांसी जमु।
डिफेंडर: सिंडी रेमरुआतपुई कोल्नी, निशिमा कुमारी, रेमी थोकचोम, रुचि यादव, सहेना टीएच, शुभांगी सिंह, थोइबिसाना चानू तोइजम।
मिडफील्डर: अंजू चानू कायेनपाइबम, अरीना देवी नामीराकपम, भूमिका देवी खुमुकचम, मोनिशा सिंघा, नेहा, पूजा, श्रुति कुमारी।
फॉरवर्ड: बबीता कुमारी, दीपिका पाल, लिंगदेइकिम, शिलजी शाजी, सिबानी देवी नोंगमेइकापम, सुलंजना राउल।
हेड कोच: जोकिम एलेक्जेंडरसन।
असिस्टेंट कोच: पारोमिता सिट।
गोलकीपिंग कोच: हमीद केके।
--आईएएनएस
आरएसजी
ी
