'अधूरा इश्क' को लेकर उत्साहित हैं राजवीर और आराधना, डेली फॉर्मेट को बताया खास
मुंबई, 4 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता राजवीर सिंह और आराधना शर्मा माइक्रोड्रामा 'अधूरा इश्क' में नजर आ रहे हैं। दोनों कलाकारों ने इस प्रोजेक्ट के बारे में बात की और बताया कि उन्हें इस इमोशनल कहानी ने क्यों अपनी तरफ खींचा।
अभिनेता राजवीर सिंह ने 'अधूरा इश्क' के जरिए माइक्रोड्रामा सीरीज में डेब्यू किया है। अपने माइक्रोड्रामा सीरीज की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, "माइक्रोड्रामा सीरीज में मुझे सबसे अच्छी बात यह लगा कि इसमें शॉर्ट-फॉर्म कहानी की तेजी के साथ-साथ एक लगातार चलने वाले ड्रामे की गहराई भी है। डेली फॉर्मेट इसमें एक और नया आयाम जोड़ता है, जिससे दर्शक हर दिन किरदारों से जुड़ पाते हैं और उनकी जर्नी का हिस्सा बन जाते हैं। एक एक्टर के तौर पर, इससे दर्शकों के साथ गहरा इमोशनल कनेक्शन बनाने का मौका मिलता है।
उन्होंने बताया कि इस सीरीज में वह आर्यन नामक लड़के का किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, "आर्यन का किरदार हालात बदलने के साथ काफी कुछ बदलता है और मुझे इस फॉर्मेट की रफ्तार के साथ उसकी परतों को खोजने में बहुत मजा आया। मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि दर्शक उससे कैसे जुड़ते हैं और उसकी कहानी को कैसे फॉलो करते हैं।"
वहीं, सीरीज में अभिनेत्री आराधना शर्मा मीरा नामक लड़की के किरदार में नजर आएंगी, जिसे लेकर उन्होंने कहा, "'अधूरा इश्क' के जरिए मुझे माइक्रोड्रामा फॉर्मेट को जानने में बहुत मजा आया। जल्दी-जल्दी एपिसोड में कहानी बताने और दर्शकों को हर दिन लौटने की वजह देना बहुत ही खास है। इससे कहानी के आगे बढ़ने के साथ-साथ दर्शकों और किरदारों के बीच का रिश्ता अपने आप गहरा होता जाता है।"
उन्होंने कहा, "मीरा के कई अलग-अलग रंग हैं, जो उसकी ख्वाहिशों, रिश्तों और हालातों से बनते हैं और डेली फॉर्मेट ने मुझे धीरे-धीरे उन भावनाओं को जीने का मौका दिया। रोज का ये जुड़ाव ही इस फॉर्मेट की सबसे अच्छी बात है और मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि दर्शक मीरा की जर्नी को कैसे महसूस करते हैं।" 'अधूरा इश्क' स्टोरी टीवी पर स्ट्रीम हो रहा है, जिसका नया एपिसोड हर दिन ऐप के स्टोरी टीवी डेलीज सेक्शन में रिलीज हो रहा है।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम
