अभिषेक नायर ने की शाई होप की तारीफ, कहा-बहुत दिनों बाद ऐसा खिलाड़ी भारत आया है
नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और निर्णायक मुकाबला शनिवार को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है। भारतीय टीम के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर ने इस अहम मुकाबले में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप का विकेट जल्द लेने की सलाह भारतीय टीम को दी है।
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप टीम इंडिया के लिए इस टी20 सीरीज में सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरे हैं। होप ने 4 मैचों में 2 शतक लगा दिए हैं और उन्हीं की वजह से सीरीज 2-2 की बराबरी पर है। पांचवें टी20 में शाई होप की भूमिका एक बार फिर वेस्टइंडीज के लिए अहम होगी।
अभिषेक नायर ने कहा, "निर्णायक टी20 में भारत को शाई होप को जल्दी आउट करना होगा। वह गेंदबाजी आक्रमण को परेशान कर रहे हैं और लगभग अकेले दम पर वेस्टइंडीज को मैच जिता रहे हैं।"
नायर ने जियोस्टार पर कहा, "वेस्टइंडीज ने अच्छी बल्लेबाजी की है। पिछले मैच में उन्होंने अच्छी गेंदबाजी भी की थी। भारत को शाई होप को आउट करने का तरीका ढूंढना होगा। वेस्टइंडीज को पावरप्ले में रन बनाने से रोकने का तरीका ढूंढना होगा। तभी आप मनचाहा परिणाम पा सकते हैं।"
होप की तारीफ करते हुए नायर ने कहा, "बहुत समय बाद ऐसा खिलाड़ी भारत आया है, जो रन बना रहा है, कप्तानी कर रहा है, विकेटकीपिंग भी कर रहा है। जब वह रन बनाते हैं, तो टीम जीतती है। यही एक शानदार और महान खिलाड़ी की पहचान है। शाई होप ने अपना काम शानदार ढंग से किया है। वह अपनी कला और समझदारी के साथ-साथ ताकत का भी इस्तेमाल करते हैं।"
नायर ने भारतीय गेंदबाजों को सलाह देते हुए कहा कि होप के खिलाफ अपनी लाइन और लेंथ में बदलाव करने की कोशिश करनी चाहिए। जब आप स्टंप पर गेंदबाजी कर रहे होते हैं, तो उनके लिए रन बनाना बहुत आसान होता है, जिसका मतलब है कि कभी-कभी शाई होप के खिलाफ अनिरंतरता ही सबसे अच्छी निरंतरता है। भारत को सोचना होगा और एक प्लान बनाना होगा कि वह कैसे यह पक्का करेगा कि शाई होप स्क्वायर के पीछे ज्यादा खेलना शुरू करें और उनके खिलाफ शॉर्ट बॉल का ज्यादा इस्तेमाल कैसे किया जाए।
--आईएएनएस
पीएके
