अभिषेक बनर्जी पहले बंगाल में टीएमसी की सरकार बचाएं : ज्योतिर्मय सिंह महतो
पुरुलिया, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) शासित पश्चिम बंगाल में चुनाव तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने मंगलवार को टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी के पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ पर दिए बयान को लेकर निशाना साधा।
दरअसल, पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कोलकाता पर हमले की धमकी दी थी, जिसके बाद टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने अपनी लिस्ट में उनका नाम लिखने और प्रदेश में टीएमसी की सरकार बनने के बाद पाकिस्तान में घुसकर सबक सिखाने की बात कही थी।
इसके बाद भाजपा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने आईएएनएस से बात करते हुए अभिषेक बनर्जी पर तंज कसा और उन्हें टीएमसी का अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता बताया।
भाजपा सांसद ने कहा, "अभिषेक बनर्जी जो खुद छापेमारी करके वोट में जीतकर आए हैं। दूसरी बात, टीएमसी एक क्षेत्रीय दल है और उसके अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री अभिषेक बनर्जी हैं, जिनकी पाकिस्तान और बांग्लादेश दोनों देशों में सरकार चलती है। अभिषेक बनर्जी दिन में ही सपना देख रहे हैं। पहले वो बंगाल बचा लें, उसके बाद देश की राजनीति करें। वे विपक्ष में रहेंगे कि नहीं, उसकी चिंता करें।"
उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में वोटिंग है और उसमें टीएमसी का सूपड़ा साफ हो जाएगा। इस बार प्रदेश में भाजपा की सरकार तय है। जैसे ही भाजपा की सरकार बन जाएगी, टीएमसी, सीपीएम और कांग्रेस की श्रेणी में चली जाएगी। ऐसे में अभिषेक बनर्जी खुद की पार्टी का भविष्य देखें, उसके बाद देश की राजनीति देखें।"
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में आयोजित होंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल को राज्य की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को शेष 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। कुल 294 सीटों वाले इस चुनाव की मतगणना एक साथ 4 मई को की जाएगी।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम
