Aapka Rajasthan

अभिषेक बनर्जी के आरोपों पर मंत्री दिलीप घोष का पलटवार, बोले- 'पूरी दुनिया की शिकायतें आप ही के खिलाफ'

कोलकाता, 15 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने एआईटीएमसी के सांसद अभिषेक बनर्जी के आरोपों पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी के खिलाफ अनेकों शिकायतें हैं पुलिस शिकायतों के आधार पर अपना काम कर रही है।
 

कोलकाता, 15 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने एआईटीएमसी के सांसद अभिषेक बनर्जी के आरोपों पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी के खिलाफ अनेकों शिकायतें हैं पुलिस शिकायतों के आधार पर अपना काम कर रही है।

अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल पुलिस पर आरोप लगाया है कि वह उन्हें परेशान करने के लिए और कथित झूठे मामलों में उनके खिलाफ रोजाना नई एफआईआर दर्ज कर रही है।

मंत्री दिलीप घोष ने रविवार को कहा, "पिछली सरकार में पुलिस उनके (अभिषेक बनर्जी) आदेश पर काम करती थी। उन्होंने सड़क पर कब्जा कर लिया था, तब सब कुछ ठीक था। आज कब्जे हो हटाया जा रहा है और शिकायतों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है, तो क्या पुलिस भाजपा की हो गई?"

उन्होंने अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, "अगर आपको किसी के खिलाफ कोई शिकायत है, तो जाइए और शिकायत दर्ज कराइए। वैसे भी पूरी दुनिया की शिकायतें तो आप ही के खिलाफ हैं।"

दिलीप घोष ने शांतिनिकेतन में बदमाशों की गोलीबारी के दौरान घायल पुलिसकर्मियों से मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की मुलाकात पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "बंगाल में आज ही नहीं, बल्कि कई सालों से पुलिस के खिलाफ अत्याचार हो रहे थे और उनका मनोबल गिरा हुआ था। यही वजह है कि कानून-व्यवस्था डगमगाई हुई थी।"

मंत्री घोष ने कहा, "अगर पुलिस सुरक्षित नहीं रहेगी, उसे सम्मान नहीं मिलेगा और काम करने का अधिकार नहीं होगा, तो प्रशासन ठीक से कैसे चलेगा?" दिलीप घोष ने कहा कि हमारी सरकार ने पुलिस को पूरी छूट दी है। आज जो भी लोग पुलिस को डराने-धमकाने की सोच रहे हैं, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन चुस्त-दुरुस्त होगा तो लोग सुरक्षित रहेंगे।

घोष ने यह भी आरोप लगाया कि पिछली टीएमसी सरकार के कार्यकाल में केंद्र सरकार की कई योजनाओं में भ्रष्टाचार हुआ। 'आवास योजना' (बंग्लार बाड़ी) के तहत लगभग 12,500 ऐसे लाभार्थी पाए गए, जिन्हें 1,20,000 रुपए मिले थे, लेकिन वे इसके पात्र नहीं थे। उन्होंने कहा कि हमने इन पैसों की वसूली के लिए पत्र जारी किए हैं। अगर वे पैसे वापस नहीं लौटाते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के संभावित भारत दौरे पर मंत्री दिलीप घोष ने कहा, "पाकिस्तान को अपने ही फायदे के लिए भारत के साथ अपने रिश्ते सुधारने चाहिए। अगर वे झगड़ा मोल लेंगे, तो इससे उनका अपना ही विनाश होगा। आज पाकिस्तान कंगाली की हालत में है और वहां लोग आपस में ही लड़ रहे हैं। उन्होंने आतंकवाद को बढ़ावा दिया और आज देखिए, आतंकवादी पुलिस थानों में घुसकर पुलिस और सेना के जवानों को मार रहे हैं।"

अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को हराकर भारत के खिताब जीतने पर उन्होंने कहा, "भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने जिस तरह से संघर्ष किया और जीत हासिल की, वह काबिले तारीफ है। पाकिस्तान को लगा कि 337 रन बनाने के बाद वो जीत जाएगा और वो जश्न मना रहा था, लेकिन पाकिस्तान कभी भी भारत के सामने नहीं टिक सकता। हमारी युवा पीढ़ी भी इसी बात का एक उदाहरण है।"

--आईएएनएस

डीसीएच/