अभिजीत दिपके की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिल्ली पुलिस को शिकायतकर्ता फैजल ने सौंपी शिकायत
नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिल्ली पुलिस के डीसीपी कार्यालय, पार्लियामेंट स्ट्रीट में एक लिखित शिकायत सौंपी गई है। शिकायतकर्ता फैजल अंसारी ने आरोप लगाया कि अभिजीत दिपके की गतिविधियां सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बन सकती हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
फैजल अंसारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि अभिजीत ने देशविरोधी गतिविधियों से जुड़े लोगों का समर्थन किया और जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों में कथित तौर पर लोगों को आर्थिक सहायता देकर बुलाया। उन्होंने इन आरोपों की जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने और कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की।
इसके साथ ही फैजल अंसारी ने यह भी आरोप लगाया कि दिपके ने उस पर दो बार हमला कराया। एक बार पुणे और दूसरी बार औरंगाबाद में हमला हुआ। उन्होंने कहा कि इस संबंध में भी दिल्ली पुलिस को शिकायत दी गई है और घटना से जुड़े साक्ष्य (सबूत) भी पुलिस को सौंपे गए हैं। उन्होंने कहा कि अभिजीत ने जंतर-मंतर पर हस्तियों को पैसे देकर बुलाया था।
फैजल ने कहा, "मैं दिल्ली के सीएम और पुलिस की तारीफ करता हूं कि उन्होंने सही समय पर सोनम वांगचुक को अस्पताल पहुंचाया, जिससे दिल्ली का माहौल बिगड़ने से बच गया। दिपके अपने फायदे के लिए सब कुछ कर रहे हैं। इसको जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, नहीं तो देश में दंगा कराएगा।"
फैजल अंसारी ने कहा कि वह चाहते हैं कि दिल्ली पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच करे और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो अभिजीत के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि कानून के तहत निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ उचित कदम उठाए जाने चाहिए। फिलहाल दिल्ली पुलिस की ओर से इस शिकायत पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और मामले की जांच की प्रक्रिया जारी है।
--आईएएनएस
ओपी/एएस
