Aapka Rajasthan

आजम खान को मिली राहत पर यासिर जिलानी बोले- ये फौरी राहत है, अभी कई मामले बाकी हैं

नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता यासिर जिलानी ने उत्तर प्रदेश वक्फ नियम-2026 को मंजूरी मिलने का स्वागत करते हुए इसे पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण फैसला बताया। वहीं, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की रिहाई पर उन्होंने कहा कि यह फौरी राहत है और उनके खिलाफ अभी कई मामले लंबित हैं। जिलानी ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए इसे 'ठगबंधन' करार दिया। इसके अलावा, उन्होंने मुंबई में दाऊद इब्राहिम की पैतृक संपत्ति से जुड़े मामले में बीएमसी की कार्रवाई और वारिस पठान के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी।
 

नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता यासिर जिलानी ने उत्तर प्रदेश वक्फ नियम-2026 को मंजूरी मिलने का स्वागत करते हुए इसे पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण फैसला बताया। वहीं, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की रिहाई पर उन्होंने कहा कि यह फौरी राहत है और उनके खिलाफ अभी कई मामले लंबित हैं। जिलानी ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए इसे 'ठगबंधन' करार दिया। इसके अलावा, उन्होंने मुंबई में दाऊद इब्राहिम की पैतृक संपत्ति से जुड़े मामले में बीएमसी की कार्रवाई और वारिस पठान के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी।

आजम खान की जेल से रिहाई पर भाजपा नेता ने कहा कि उन्हें फिलहाल राहत मिली है, लेकिन इसे अंतिम राहत नहीं माना जाना चाहिए। जिलानी ने समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं की पृष्ठभूमि पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के कई नेताओं पर आपराधिक मामले रहे हैं। सपा को आजम खान की रिहाई का स्वागत करते समय यह भी ध्यान रखना चाहिए कि वह किन मामलों में जेल में रहे हैं। खान एक कानूनी प्रक्रिया के तहत बाहर आए हैं और उनके खिलाफ अभी कई मामले बाकी हैं। इसलिए समाजवादी पार्टी को इस राहत पर जरूरत से ज्यादा उत्साह नहीं दिखाना चाहिए।

उत्तर प्रदेश वक्फ नियम-2026 को मंजूरी मिलने पर जिलानी ने सरकार के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद जरूरी और ऐतिहासिक निर्णय है। नियमों में भाषा की जानकारी होना आवश्यक है, चाहे वह हिंदी हो या उर्दू। पारदर्शिता को लेकर जो प्रयास किए जा रहे हैं, नए नियम उसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर चल रही खींचतान पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग की जा रही है। अब सपा उसे कितनी सीटें देती है, यह समाजवादी पार्टी के नेतृत्व की समझदारी पर निर्भर करेगा। दोनों दलों के बीच पहले भी गठबंधन बना और टूटा है। वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने यह स्थिति देखी है। ऐसे में यह गठबंधन कितने समय तक टिकेगा, यह देखना होगा।

मुंबई में दाऊद इब्राहिम की पैतृक संपत्ति से संबंधित बीएमसी की कार्रवाई के मुद्दे पर वारिस पठान के बयान और स्थानीय लोगों के दावों पर भी जिलानी ने प्रतिक्रिया दी। स्थानीय लोगों का दावा था कि इमारत के भूतल पर करीब 140 साल पुरानी मस्जिद है, जिसे वक्फ संपत्ति के रूप में संरक्षित किया जाना चाहिए। इस पर जिलानी ने कहा कि धर्म आधारित राजनीति करने वाले लोग हर मुद्दे को एक ही नजरिये से देखते हैं। उन्होंने विकास को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि विकास के रास्ते में आने वाली चीजों को हटाकर वहां बेहतर इमारत बनाने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि वारिस पठान और एमआईएम के अन्य नेताओं को ऐसे फैसलों पर पहले भी आपत्ति रही है और आगे भी रहेगी।

आजम खान के 'चुनाव नहीं, इंकलाब होगा' वाले बयान पर जिलानी ने कहा कि वह लंबे समय बाद जेल से बाहर आए हैं और वह उनके स्वस्थ रहने की कामना करते हैं। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में आजम खान अब पुरानी कहानी बन चुके हैं। उन्होंने सवाल किया कि इंकलाब किसके खिलाफ और किसलिए होगा, जबकि प्रदेश में विकास को आगे बढ़ाया जा रहा है।

जिलानी ने आजम खान के मुद्दों पर आधारित चुनाव वाले बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आजम खान अपनी पुरानी राजनीतिक हैसियत वापस पाना चाहते हैं, लेकिन जनता उनसे उनके कार्यकाल का हिसाब मांगेगी। 2017 में उत्तर प्रदेश की जीएसडीपी 13.30 लाख करोड़ रुपए थी, जो 2024-25 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बढ़कर 30.30 लाख करोड़ रुपए हो गई। उन्होंने 2025-26 के लिए अनुमानित जीएसडीपी 36 लाख करोड़ रुपए बताई। जिलानी ने कहा कि आजम खान को धमकी देने के बजाय विकास के मुद्दे पर अपनी रिपोर्ट कार्ड पेश करनी चाहिए। भाजपा भी अपना रिपोर्ट कार्ड रखेगी और उत्तर प्रदेश में इंकलाब होगा तो वह विकास के लिए होगा।

--आईएएनएस

पीएसके