आरक्षण को लेकर 21 जुलाई के 'चलो संसद' मार्च, ओबीसी महिलाओं को मिले हक: सुधा प्रसाद
रांची, 14 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड महिला कांग्रेस की सह-प्रभारी सुधा प्रसाद ने 21 जुलाई को प्रस्तावित 'चलो संसद' अभियान में अधिक से अधिक महिलाओं और इंडिया गठबंधन के दलों को शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण विधेयक को जल्द लागू करने की मांग कर रही है। साथ ही, ओबीसी महिलाओं को भी आरक्षण का लाभ देने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान उन्होंने कई अन्य मुद्दों पर भी प्रतिक्रिया दी।
सुधा प्रसाद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि 21 जुलाई को होने वाले 'चलो संसद' अभियान की तैयारियां पूरे देश में चल रही हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता हर जिले, हर प्रखंड और हर प्रदेश में बैठकों और प्रेस वार्ताओं के माध्यम से लोगों को इस अभियान से जोड़ रहे हैं। महिला आरक्षण लागू किया जाना चाहिए, लेकिन इसके साथ ही ओबीसी महिलाओं को भी अलग से आरक्षण मिलना चाहिए ताकि वे इस व्यवस्था से वंचित न रहें। कांग्रेस का संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक महिला आरक्षण पूरी तरह लागू नहीं हो जाता और उसमें सामाजिक न्याय का भी समुचित ध्यान नहीं रखा जाता।
लोकतंत्र और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सुधा प्रसाद ने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। विभिन्न मुद्दों पर आंदोलन और अनशन करने वालों की सरकार सुनवाई नहीं कर रही है। उन्होंने दावा किया कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध और अनशन नागरिकों का अधिकार है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में इन अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। राहुल गांधी की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि वह संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। राहुल गांधी संविधान की प्रति लेकर देशभर में लोगों को जागरूक कर रहे हैं और कांग्रेस उनके इस संघर्ष का समर्थन करती है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या 'चलो संसद' अभियान केवल कांग्रेस का कार्यक्रम होगा या अन्य दलों को भी इसमें शामिल किया जाएगा, तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे इंडिया गठबंधन से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की महिला सांसदों और विधायकों को भी इस आंदोलन का समर्थन करना चाहिए ताकि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व सुरक्षित रह सके। पुरुषवादी सोच को समाप्त करने के लिए महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा।
राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुधा प्रसाद ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल किया गया। इस पूरे मामले में वास्तविक जिम्मेदार लोगों की पहचान होनी चाहिए और किसी एक वर्ग या समुदाय को बदनाम नहीं किया जाना चाहिए। ब्राह्मण समाज का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि मंदिरों से जुड़े मामलों में लगातार विवाद सामने आते हैं तो इससे पुजारियों और पूरे ब्राह्मण समाज की छवि प्रभावित होती है। उन्होंने लोगों से कांग्रेस और राहुल गांधी का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है।
वायनाड में भूस्खलन प्रभावितों से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नहीं मिलने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने राहत कार्यों की अनदेखी नहीं की है। उन्होंने कहा कि पार्टी वायनाड में भूस्खलन से प्रभावित लोगों के साथ पूरी तरह खड़ी है। पार्टी की टीम लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत और सहायता कार्यों में जुटे हुए हैं। प्रियंका गांधी भी जल्द ही प्रभावित लोगों से मिलने पहुंचेंगी और राहत कार्यों की समीक्षा करेंगी। यह एक प्राकृतिक आपदा है। हमारी पूरी टीम वहां पहुंची हुई है और लोगों को हर संभव मदद मुहैया करा रही है। मीडिया के माध्यम से भी यह साफ देखा जा सकता है कि कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता निरंतर मैदान में काम कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जो लोग कांग्रेस पर उंगली उठा रहे हैं, उन्हें पहले खुद अपनी ओर देखना चाहिए। बीजेपी शासन में पुलवामा हुआ, पहलगाम हुआ, लेकिन अभी तक दोषियों को सजा नहीं मिली, अपराधी पकड़े तक नहीं गए। उंगली उठाने से पहले अपनी तीन उंगलियों की ओर भी ध्यान दें। कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के साथ है और जनहित के मुद्दों पर संसद समेत हर मंच पर आवाज उठाती रही है। हम प्राकृतिक आपदा में पीड़ितों की हर संभव मदद करेंगे। भाजपा को दूसरों पर आरोप लगाने की बजाय अपनी खामियों पर नजर डालनी चाहिए।
--आईएएनएस
पीएसके
