'आपका 30 सालों तक नंबर नहीं आने वाला, वोट चोरी का बना रहे बहाना', अमित शाह ने राहुल गांधी को घेरा
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नई दिल्ली के द्वारका में यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर आयोजित समारोह में उन्होंने यमुना को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
संबोधन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "दिल्ली में एक अलग खेल चल रहा है। लगातार भाजपा की सरकारें चुनकर आ रही हैं। विपक्ष के पेट में दर्द है, इसलिए इन्होंने वोट चोरी का बहाना बनाया है। वे कहते हैं कि भाजपा वोट चोरी करती है। राहुल गांधी, आपको और आपके साथियों को पूरा देश समझ रहा है और समझ भी गया है। वोट चोरी करके आप घुसपैठियों का वोट बचाना चाहते हो। कभी ईवीएम का बहाना बनाते हो तो कभी वोट चोरी का बहाना बनाते हो। भाजपा की केंद्र में मोदी सरकार बनने से पहले आप कभी भी कई राज्यों में चुनकर नहीं आए।"
उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, "गुजरात में 41 साल से आपकी सरकार नहीं बनी। उत्तर प्रदेश में आप 41 साल से चुनाव नहीं जीते हैं। बंगाल में 54 साल से चुनाव नहीं जीते हैं। तमिलनाडु में 64 साल से चुनाव नहीं जीते हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश में पूर्ण बहुमत से आपकी सरकार नहीं बनी। अरुणाचल में 12 साल और मिजोरम में 13 साल से चुनकर नहीं आए। मणिपुर में 14 साल, दिल्ली में 18 साल और असम में 12 साल से चुनकर नहीं आए। क्या यह सब मोदी सरकार के आने से पहले शुरू हुआ है?"
अमित शाह ने कहा, "जब मैं कहता हूं कि 30 साल तक भाजपा की सरकार रहेगी तो ये जनता से कहते हैं कि देखो वोट चोरी है, वरना अमित शाह को कैसे मालूम पड़ा। अमित शाह तो यहां जन्मा है, यहां रहता है और यहीं मरेगा। मुझे हर छह महीने में विदेश नहीं जाना पड़ता है। मैं तो देश की जनता के बीच में रहता हूं। आप जिस तरह से नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं, उसके आधार पर मैं कहता हूं कि 2030 तक आपकी सरकार कभी नहीं बनने वाली है। मुझे मालूम है कि आप विदेश में हैं, अगले 30 साल आपका नंबर नहीं लगने वाला।"
विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर तंज कसते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, "केरल में जीत जाते हैं, तो चुनाव आयोग, मतदाता सूची, और यही ईवीएम के साथ शपथ लेकर सरकार बना लेते हैं। इसी तरह तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में चुनाव जीत गए तो चुनाव आयोग अच्छा है। तमिलनाडु में जिस सहयोगी पार्टी को आप सपोर्ट कर रहे हैं, वहां पर चुनाव आयोग अच्छा है और जहां हार जाते हो, वहां चुनाव आयोग ठीक नहीं है। आपके पक्ष में कोर्ट फैसले देता है तो अच्छा है और कोर्ट आपके विपक्ष में दे तो कोर्ट ठीक नहीं है। यह आपका दोहरा मापदंड नहीं चलेगा।"
उन्होंने कहा, "आज मैं द्वारका में यमुना शुद्धिकरण से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपए की परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित हूं। ये सभी परियोजनाएं यमुना को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में रीढ़ की हड्डी के समान हैं। दिल्ली में भाजपा सरकार बनते ही प्रधानमंत्री मोदी ने एक महीने के भीतर ही उच्चस्तरीय बैठक बुलाई थी और दिल्ली सरकार के सामने यमुना को स्वच्छ बनाने की एक व्यापक कार्ययोजना रखी थी। मुझे हर्ष है कि इस योजना का 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।"
केंद्रीय गृह मंत्री ने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि 30 सालों से पिछली सरकारों ने गटर के पानी को यमुना में छोड़ने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजाना 2,000 टन गोबर यमुना में डाला जाता था और यूपी-हरियाणा का गंदा पानी भी यहीं आता था। यमुनोत्री से लेकर संगम तक दिल्ली वालों की आवाज जानी चाहिए।
इस कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा, गृह और शिक्षा मंत्री आशीष सूद, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंदराज सिंह, कपिल मिश्रा समेत कई अन्य लोग शामिल थे।
--आईएएनएस
वीकेयू/एबीएम
