Aapka Rajasthan

आप सरपंच हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ के बाद दो और शूटर गिरफ्तार, अस्पताल में भर्ती

चंडीगढ़, 25 फरवरी (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी के सरपंच हरबरिंदर सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब तक इस मामले में चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
 
आप सरपंच हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ के बाद दो और शूटर गिरफ्तार, अस्पताल में भर्ती

चंडीगढ़, 25 फरवरी (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी के सरपंच हरबरिंदर सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब तक इस मामले में चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो आरोपी थाना सदर पट्टी के गांव जल्लोके क्षेत्र में हैं। सूचना के बाद थाना प्रभारी विपन कुमार, थाना सरहाली के प्रभारी बिंदरजीत सिंह और एजीटीएफ की संयुक्त टीम ने नाका लगाकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

इस दौरान संयुक्त टीम को बाइक पर आते दो लोग दिखाई दिए। टीम ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। रुकने के बजाय दोनों भागने लगे। जब पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भी दोनों पर गोली चलाई और रोमनप्रीत सिंह को पुलिस की दो गोलियां लगी हैं। उसकी हालत गंभीर है, जबकि अर्शदीप सिंह के घुटने पर एक गोली लगी है। दोनों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। एसएसपी लांबा ने बताया कि सरपंच हत्याकांड में पुलिस के हाथ लगातार कामयाबी लग रही है।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इनके गिरोह में कितने लोग शामिल हैं और कहां-कहां हैं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और एक बाइक बरामद की।

18 फरवरी को पंजाब के तरन तारन में आम आदमी पार्टी के मौजूदा सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने गोली उस समय मारी थी जब सरपंच हरपिंदर सिंह बठिंडा-तरन तारन नेशनल हाइवे स्थित सिद्धू फार्म में चल रहे शादी समारोह में मौजूद थे।

इसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच की समीक्षा की। मामले की गंभीरता के मद्देनजर पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को फिरोजपुर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) स्नेहदीप शर्मा और तरनतारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुरेंद्र लांबा को जांच की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर न्याय के कठघरे में लाने के निर्देश दिए थे।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी