Aapka Rajasthan

'आप' के दावे पर बोले भाजपा विधायक, 'बजट से केजरीवाल बौखला गए हैं'

नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा दिल्ली सरकार के बजट को 'उधार का बजट' बताने पर भाजपा विधायकों ने जोरदार पलटवार किया है। भाजपा विधायकों ने कहा कि दिल्ली सरकार के बजट से 'आप' मुखिया अरविंद केजरीवाल बौखला गए हैं।
 
'आप' के दावे पर बोले भाजपा विधायक, 'बजट से केजरीवाल बौखला गए हैं'

नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा दिल्ली सरकार के बजट को 'उधार का बजट' बताने पर भाजपा विधायकों ने जोरदार पलटवार किया है। भाजपा विधायकों ने कहा कि दिल्ली सरकार के बजट से 'आप' मुखिया अरविंद केजरीवाल बौखला गए हैं।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा विधायक शिखा राय ने कहा कि मैं समझती हूं कि इससे अधिक पारदर्शिता वाला बजट कोई नहीं हो सकता। इसमें बताया गया है कि कहां से रेवेन्यू जनरेट होगा और कहां खर्च होगा। पिछले साल भी मुख्यमंत्री ने जब बजट रखा था, तब विपक्ष ने कहा था कि दिखावटी आंकड़े हैं, झूठ-भ्रम का जाल बिछाया जा रहा है। हमने देखा है कि उस बजट में जो एक-एक चीज पेश की गई थी, उसी पर काम हुआ है। यह बजट दिल्ली के लिए कामयाब होगा।

आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के पीएम मोदी को लेकर दिए गए बयान पर शिखा राय ने कहा कि मुझे लगता है कि हारने के बाद शायद बौखलाहट में वह संतुलन खो बैठे हैं, जो इस तरह की बातें कर रहे हैं। पूरा विश्व पीएम मोदी की तरफ देख रहा है, उनसे सलाह मांग रहा है। जब वह इस प्रकार की बातें करते हैं तो यह बातें हास्यस्पद लगती हैं।

भाजपा विधायक अजय महावर ने विपक्ष के प्रदर्शन पर कहा कि उनका काम सिर्फ प्रदर्शन करने तक ही रह गया है। जब अरविंद केजरीवाल खुद मुख्यमंत्री थे तब भी वह राजपथ पर जाकर प्रदर्शन कर रहे थे। उन्हें इसके अलावा कुछ आता भी नहीं है। मुझे लगता है कि वो सब अर्बन-नक्सल हैं, जिन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों की न तो समझ है, न ही उसके लिए सम्मान है। अगर सम्मान होता, कल भी स्पीकर ने विपक्ष के लोगों को कहा कि आएं, सदन में हिस्सा लीजिए, लेकिन नहीं आते हैं, खुद ही बाहर रहते हैं, तो क्या कर सकता है कोई?

दिल्ली सरकार के बजट को उधार का बजट बताने पर अजय महावर ने कहा कि आम आदमी पार्टी, जिसे दिल्ली ने बहुत प्यार से सत्ता सौंपी थी, उनके तो सारे ही बजट फेल रहे। जो उनके थीम बजट थे, स्वराज बजट में दारू के ठेके खोल दिए, ग्रीन बजट में दिल्ली की सांसें घोंट दीं। वो क्या बोलेंगे। विपक्ष ने दिल्ली को 11 साल में क्या दिया। क्या वो अपने अचीवमेंट्स बता सकते हैं हवा पर, पानी पर, सीवर पर, सड़क पर, यमुना जी पर। क्या अचीवमेंट्स हैं। वे नहीं बता सकते हैं, बस आलोचना करना ही उनका काम रह गया है।

भाजपा विधायक करनैल सिंह ने कहा कि विपक्ष के पास कुछ कहने के लिए नहीं है। जो कुछ सरकार कर रही है, हर चीज पॉजिटिव है। पहली बात वो हर चीज से बचना चाहते हैं। विधानसभा चलाने के लिए कितना पैसा खर्च होता है, बावजूद विपक्ष ने अपनी भूमिका नहीं निभाई। जबकि उनको अपनी विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए थी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का बजट शानदार है। इस बजट के अंदर सबसे ज्यादा प्रदूषण से निपटने का ध्यान रखा गया है, जिसका आम जनता पर असर पड़ता है। हरित दिल्ली, स्वस्थ दिल्ली और समृद्ध दिल्ली को लेकर बजट में हर व्यक्ति का ध्यान रखा गया है। उनके कहने से कुछ फर्क नहीं पड़ता। केजरीवाल और उनकी पार्टी बताएं कि 11 साल में उन्होंने दिल्ली को क्या दिया?

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम