Aapka Rajasthan

आने वाले मुश्किल शेड्यूल की तैयारी, रेड-बॉल से ट्रेनिंग करते दिखे जसप्रीत बुमराह

नई दिल्ली, 5 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अहमदाबाद में प्रैक्टिस के दौरान रेड बॉल से गेंदबाजी करते नजर आए, जिससे पता चलता है कि वह आगामी मुश्किल शेड्यूल के लिए तैयारी कर रहे हैं।
 

नई दिल्ली, 5 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अहमदाबाद में प्रैक्टिस के दौरान रेड बॉल से गेंदबाजी करते नजर आए, जिससे पता चलता है कि वह आगामी मुश्किल शेड्यूल के लिए तैयारी कर रहे हैं।

32 वर्षीय तेज गेंदबाज ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ट्रेनिंग सेशन की तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें रेड एसजी बॉल से गेंदबाजी करते नजर आए। इस दौरान गुजरात की घरेलू टीम के साथी खिलाड़ी भी उन्हें देख रहे थे। पिछले कुछ दिनों से बुमराह गुजरात कॉलेज ग्राउंड पर अपनी घरेलू टीम के साथियों के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं। वह पिछली बार 20 मई 2026 को आईपीएल में खेलते नजर आए थे।

बुमराह को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से आराम दिया गया है, लेकिन वह इंग्लैंड के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज का हिस्सा होंगे, जिसकी शुरुआत 14 जुलाई से होगी। बुमराह वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद पहली बार इस फॉर्मेट में खेलते नजर आने वाले हैं।

जसप्रीत बुमराह को जून में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र घरेलू टेस्ट और तीन वनडे मुकाबलों से भी आराम दिया गया था। हालांकि, बुमराह सितंबर में एशियन गेम्स के दौरान टी20 मुकाबलों का हिस्सा होंगे।

रेड-बॉल क्रिकेट के नजरिए से, बुमराह की जरूरत श्रीलंका के खिलाफ दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज के दौरान बहुत ज्यादा होगी। यह सीरीज 15 से 27 अगस्त के बीच खेली जानी है। श्रीलंका का टेस्ट दौरा ऐसा पहला मौका होगा, जब बुमराह इस द्वीपीय देश में रेड-बॉल मैच खेलेंगे। इसके बाद 19 नवंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज शुरू होगी।

भारतीय टीम 9 मुकाबलों के बाद 48.15 प्रतिशत प्वाइंट्स (पीसीटी) के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की प्वाइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर है। ऐसे में फाइनल मुकाबले में जगह पक्की करने की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए बुमराह की फॉर्म बहुत अहम होगी।

जसप्रीत बुमराह ने 52 टेस्ट मुकाबलों में 19.79 की औसत के साथ 234 विकेट हासिल किए हैं। वहीं, 89 वनडे मुकाबलों में यह दाएं हाथ का गेंदबाज 149 विकेट ले चुका है। 95 टी20 मुकाबलों में बुमराह ने 121 विकेट अपने नाम किए हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी