Aapka Rajasthan

आकाश आनंद पर अटकलों को लेकर मायावती का विपक्ष पर हमला , बोलीं-'बसपा में उम्मीदवार मैं ही तय करती हूं'

लखनऊ, 31 जुलाई (आईएएनएस)। बसपा प्रमुख मायावती ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में उम्मीदवारों के चयन और राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की भूमिका को लेकर फैलाए जा रहे 'भ्रम' पर विपक्षी दलों और 'जातिवादी तत्वों' पर निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बसपा में विधानसभा हो या लोकसभा चुनाव, उम्मीदवारों के चयन का अंतिम फैसला वही करती हैं। आकाश आनंद समेत सभी पदाधिकारी केवल उनके निर्देश पर संगठनात्मक और चुनावी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
 

लखनऊ, 31 जुलाई (आईएएनएस)। बसपा प्रमुख मायावती ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में उम्मीदवारों के चयन और राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की भूमिका को लेकर फैलाए जा रहे 'भ्रम' पर विपक्षी दलों और 'जातिवादी तत्वों' पर निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बसपा में विधानसभा हो या लोकसभा चुनाव, उम्मीदवारों के चयन का अंतिम फैसला वही करती हैं। आकाश आनंद समेत सभी पदाधिकारी केवल उनके निर्देश पर संगठनात्मक और चुनावी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा है कि जैसाकि सर्वविदित है कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव अब बहुत नजदीक आ रहा है, जिसकी तैयारी हेतु मेरे खुद के द्वारा प्रदेश की पिछली कई राज्य स्तरीय बड़ी बैठकें लखनऊ पार्टी प्रदेश कार्यालय में ली गई हैं और आगे भी जरूरत के अनुसार ली जाएंगी, जिसमें पार्टी के उम्मीद्वार तय करने के लिए पार्टी के खासकर प्रदेश व मण्डल स्तरीय पदाधिकारियों को ज़रूरी दिशा-निर्देश दिये गये हैं, जिसके तहत ही अभी तक मेरे द्वारा उनका इन्टरव्यू आदि लेकर लखनऊ में लगभग 2 दर्जन से ज़्यादा उम्मीदवार तय/फाइनल कर दिये गये हैं और आगे भी सभी सीटों पर मेरे द्वारा ही उम्मीदवार तय किए जाएंगे।

इसके बारे में अब पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनन्द को लेकर तरह-तरह के भ्रम फैलाये जा रहे हैं जिसमें रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि अकेले यू.पी. में ही नहीं बल्कि पूरे देश में जहां-जहां समय-समय पर विधानसभा के चुनाव होते हैं या देश में लोकसभा के भी चुनाव होते हैं तो वहां भी उम्मीदवारों को अन्तिम रूप मेरे द्वारा ही दिया जाता है। मायावती ने कहा कि यहां भी अवगत कराना है कि यूपी की जिन विधानसभा सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार तय कर दिये गये हैं तो वहां मेरी अनुमति से ही पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा छोटी-बड़ी जनसभाएं करके उनका ऐलान भी किया जा रहा है। इसके तहत ही कुछ सीटों के उम्मीदवार का ऐलान आकाश आनन्द भी पार्टी की जनसभा करके करेंगे।

उन्होंने कहा कि हालांकि इससे पहले देश के कई राज्यों में अभी हाल ही में विधानसभा के चुनाव हुए हैं जहां मेरे दिशा-निर्देशन में ही चुनावी जनसभा लेने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनन्द को भेजा गया और पिछले लगभग एक वर्ष से इनकी पूरे देश में पार्टी संगठन की समीक्षा बैठकें व जनसभा करने के लिए भी इनको भेजा जा रहा है और वे भी पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। बसपा मुखिया ने कहा कि इसलिए उत्तर प्रदेश में भी इसी क्रम में इनकी भी कुछ सीटों पर पार्टी के तय किये गये उम्मीदवारों के ऐलान हेतु जनसभायें हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि इससे पहले लखनऊ में 9 अक्तूबर 2025 को मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि पर पार्टी की ऐतिहासिक महारैली भी हुई जिसमें आकाश आनन्द को बोलने का मौका दिया गया। साथ ही, इसके पूर्व लोकसभा के आम चुनाव में भी इनको पूरे प्रदेश में व देश के अन्य राज्यों में भी पार्टी की चुनावी जनसभाएं लेने के लिए भेजा गया था, यह सब सोशल मीडिया आदि पर मौजूद है। उन्होंने कहा कि यह सब पार्टी की रूटीन प्रक्रिया के तहत हो रहा है। इसका आकाश आनन्द के कद को बढ़ाने व कम करने आदि से कोई लेना देना नहीं है और न ही पार्टी के उम्मीदवार भी तय करने से कोई लेना देना है।

उन्होंने कहा कि आकाश भी पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की तरह ही पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिशा-निर्देशन में यूपी में कुछ स्थानों पर पार्टी के उम्मीद्वार के ऐलान के लिये जनसभा कर रहे हैं। फिर भी इनके बारे में सोशल मीडिया पर आए दिन अनाप-शनाप बातें करना यह ठीक नहीं है। पार्टी के लोग ऐसे सभी शरारती व जातिवादी तत्वों से हमेशा सावधान रहें।

--आईएएनएस

विकेटी/पीएम