Aapka Rajasthan

'आज दिन चढ़या'... पहली फिल्म से बाहर, फिर 'लंगड़ा त्यागी' ने जीती सबसे बड़ी 'लड़ैया'

मुंबई, 15 अगस्त (आईएएनएस)। जिस अभिनेता को आज भारतीय सिनेमा के सबसे बहुमुखी कलाकारों में गिना जाता है, उसे उसकी पहली ही फिल्म से निकाल दिया गया था। यह वाकया 1992 का है, जब निर्देशक राहुल रवैल की फिल्म 'बेखुदी' से सैफ अली खान अपना बॉलीवुड डेब्यू करने वाले थे। शूटिंग के पहले ही शेड्यूल के बाद उन्हें अनप्रोफेशनल बताकर फिल्म से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था।
 

मुंबई, 15 अगस्त (आईएएनएस)। जिस अभिनेता को आज भारतीय सिनेमा के सबसे बहुमुखी कलाकारों में गिना जाता है, उसे उसकी पहली ही फिल्म से निकाल दिया गया था। यह वाकया 1992 का है, जब निर्देशक राहुल रवैल की फिल्म 'बेखुदी' से सैफ अली खान अपना बॉलीवुड डेब्यू करने वाले थे। शूटिंग के पहले ही शेड्यूल के बाद उन्हें अनप्रोफेशनल बताकर फिल्म से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था।

कई रिपोर्ट्स और खुद सैफ के बयानों के अनुसार, निर्देशक ने उनसे अपनी प्रेमिका (अमृता सिंह) को छोड़ने या फिल्म छोड़ने की अजीब शर्त रखी थी, जिसे सैफ अली खान ने ठुकरा दिया और कमल सदाना को उनकी जगह रखा गया। हालांकि, डायरेक्टर ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि सैफ के गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण उन्हें हटाया गया था।

उन पर सेट पर शराब पीकर आने के भी आरोप लगे थे, जिससे उनके शुरुआती आत्मविश्वास को गहरी ठेस पहुंची। इसके अलावा, उनकी शिक्षा के कारण लहजा भी अंग्रेजी का था। वह बताते हैं कि उनके लंबे बालों और शारीरिक बनावट के कारण उन्हें अक्सर यह ताना सुनना पड़ता था कि वह 'लड़कियों जैसे' दिखते हैं और एक पारंपरिक एक्शन हीरो के सांचे में बिल्कुल फिट नहीं बैठते।

सैफ अली का जन्म 16 अगस्त 1970 को हुआ था। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व महान कप्तान मंसूर अली खान पटौदी और दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर के बेटे होने के नाते, उन पर हमेशा पटौदी रियासत और अपनी पारिवारिक विरासत का एक भारी दबाव रहा। बचपन में सैफ अली बहुत चंचल स्वभाव के थे। उनकी शुरुआती शिक्षा भारत के लॉरेंस स्कूल में हुई, जिसके बाद उन्हें इंग्लैंड के प्रतिष्ठित विनचेस्टर कॉलेज भेज दिया गया।

जब उन्होंने 1993 में 'परंपरा' और 'आशिक आवारा' जैसी फिल्मों से बॉलीवुड में कदम रखा, तो उनकी छवि धीरे-धीरे एक 'चॉकलेट बॉय' की बनने लगी। 2001 में आई फरहान अख्तर की फिल्म 'दिल चाहता है' में समीर मूलचंदानी के किरदार ने उन्हें रातों-रात अर्बन रोम-कॉम फिल्मों का सबसे बड़ा स्टार बना दिया।

व्यावसायिक सफलता के बावजूद, एक दिन उनकी मां, शर्मिला टैगोर ने उन्हें एक ऐसी सलाह दी, जिसने उनके करियर की पूरी दिशा बदल दी। एक बार जब सैफ अली खान अपनी किसी फिल्म की शूटिंग के लिए फ्रांस जाने को लेकर बेहद उत्साहित थे, तब उनकी मां ने उनसे कहा, "तुम एक दिलचस्प अभिनेता की तरह बात नहीं कर रहे हो। तुम कुछ अलग और गहरे किरदार क्यों नहीं चुनते?"

इस एक वाक्य ने सैफ के भीतर के असली अभिनेता को जगाया और वह विशाल भारद्वाज की 2006 की फिल्म 'ओमकारा' तक पहुंचे। शेक्सपियर के नाटक 'ऑथेलो' पर आधारित इस फिल्म में जब सैफ अली खान ने 'लंगड़ा त्यागी' का किरदार निभाया, तो पूरी इंडस्ट्री हैरान रह गई। मालदीव में छुट्टियां मनाते हुए भी सैफ अली खान एक छाते के नीचे बैठकर 'ओमकारा' के कठिन देहाती डायलॉग्स का अभ्यास करते थे। इस एक फिल्म ने उनकी छवि को पूरी तरह बदलकर एक गंभीर अभिनेता के रूप में स्थापित कर दिया।

'ओमकारा' के बाद सैफ अली खान ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने 2018 में 'सेक्रेड गेम्स' में सरताज सिंह का किरदार निभाकर भारतीय ओटीटी स्पेस में एक नई क्रांति का संचार किया। 2020 की फिल्म 'ताण्हाजी' में उनके उदयभान सिंह राठौड़ के क्रूर अवतार ने भी व्यापक सिनेमाई सराहना बटोरी।

अभिनय के अलावा, वह एक निर्माता भी हैं। 2009 में उन्होंने दिनेश विजान के साथ मिलकर 'इलुमिनाटी फिल्म्स' की स्थापना की। इस प्रोडक्शन हाउस ने कई सफल फिल्मों का निर्माण किया। 10 मई 2013 को रिलीज हुई 'गो गोवा गॉन' के जरिए उन्होंने भारत की पहली जॉम्बी-कॉमेडी बनाकर सिनेमाई प्रयोगों को नए आयाम दिए।

सैफ अली की फिल्म 'लव आज कल' 31 जुलाई 2009 को रिलीज हुई और हिट रही। 'कॉकटेल' 13 जुलाई 2012 को आई और हिट साबित हुई। वहीं, 'ताण्हाजी' 10 जनवरी 2020 को रिलीज होकर ब्लॉकबस्टर बनी।

सैफ अली खान ने अक्टूबर 1991 में अभिनेत्री अमृता सिंह से शादी की थी, जिनसे 2004 में उनका तलाक हो गया। बाद में अक्टूबर 2012 में उन्होंने अभिनेत्री करीना कपूर से शादी रचाई। सिनेमा के अलावा, उन्हें किताबें पढ़ने का शौक है। खाली समय में वह गिटार बजाना भी पसंद करते हैं।

जब 2010 में भारत सरकार ने उन्हें देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया, तो सैफ अला खान इसे वापस करना चाहते थे। उनका विनम्रतापूर्वक यह मानना था कि इंडस्ट्री में कई वरिष्ठ कलाकार हैं, जो उनसे कहीं अधिक इसके हकदार हैं। अपने पिता की इस सलाह पर कि 'कोई भी व्यक्ति भारत सरकार को मना करने की स्थिति में नहीं होता', उन्होंने इसे सहर्ष स्वीकार किया था।

सैफ अली खान की हाल ही में रिलीज प्रमुख प्रोजेक्ट एक्शन थ्रिलर 'ज्वेल थीफ-द हेइस्ट बिगिंस' (25 अप्रैल 2025 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज) और क्राइम ड्रामा 'कर्तव्य' (15 मई 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज) शामिल हैं। इसके अलावा 2024 में उनकी बहुचर्चित एक्शन फिल्म 'देवरा: पार्ट 1' रिलीज हुई थी।

--आईएएनएस

वीकेयू/एबीएम