Aapka Rajasthan

एएआई में 39 कंसल्टेंट पदों पर आवेदन शुरू, 50 वर्ष के उम्मीदवारों के पास 1 अक्टूबर तक मौका

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने संविदा के आधार पर कंसल्टेंट के तौर पर शॉर्ट सर्विस कमीशन अधिकारियों की नियुक्ति के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके कुल 39 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की है।
 

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने संविदा के आधार पर कंसल्टेंट के तौर पर शॉर्ट सर्विस कमीशन अधिकारियों की नियुक्ति के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके कुल 39 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की है।

एएआई की ओर से स्थान के अनुसार कंसल्टेंट्स पदों के लिए जारी रिक्तियों में पुणे एयरपोर्ट [सरफेस मूवमेंट कंट्रोल (एसएमसी) के लिए] में 11, कानपुर एयरपोर्ट में 2, पूर्णिया एयरपोर्ट में 4, गोवा (डाबोलिम) एयरपोर्ट [एसएमसी के लिए 11 के साथ एटीसी के लिए 4] में 15, पोर्ट ब्लेयर एयरपोर्ट (एसएमसी के लिए) में 4 और दरभंगा एयरपोर्ट में 3 पद शामिल हैं।

कंसल्टेंट के इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 17 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 1 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ बेसिक एटीसी कोर्स/एटीएम और एल (बेसिक) और जीसीए/एटीएसएस कोर्स होना चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 5 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 50 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी एएआई के वेतनमान नियमों के अनुसार होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पदों के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक ही पीडीएफ फाइल में स्कैन कर अधिसूचना में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर तय समय सीमा के अंदर मेल कर दें।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी