आगामी चुनाव में हार देख बौखला गई हैं ममता बनर्जी, बंगाल की जनता का रुख भाजपा की ओर: सांसद मनन मिश्रा
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और टीएमसी के नेताओं में जुबानी जंग तेज हो गई है। इस बीच भाजपा सांसद मनन मिश्रा ने ममता बनर्जी के एक बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि सीएम अपनी हार देख बौखला गई हैं और उनकी बेचैनी बढ़ गई है। सांसद ने दावा किया कि इस बार बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद ने ममता बनर्जी द्वारा एनडीए के खिलाफ दिए जा रहे बयानों पर कहा कि उन्होंने भांप लिया है कि भाजपा की ओर जनता का रुझान बढ़ रहा है। उन्होंने देख लिया है कि जनता ने मन बना लिया है कि भाजपा सरकार बनेगी। इसलिए ममता बनर्जी अनाप-शनाप बयान दे रही हैं। जनता ने संकल्प कर लिया है कि भाजपा बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
महिला आरक्षण विधेयक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लेख पर मनन मिश्रा ने कहा कि पीएम मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए से ही महिलाओं को आरक्षण देने के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आवश्यक संशोधनों के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। 2029 से लोकसभा तथा विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित हो जाएगा। पीएम मोदी की सरकार महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए संकल्पबद्ध है। प्रधानमंत्री ने इस विधेयक को लेकर सभी विपक्षी दलों से समर्थन मांगते हुए पत्र भी लिखा है।
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के बयान पर मनन मिश्रा ने कहा कि सोनिया गांधी द्वारा सवाल उठाना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस ने देश में महिलाओं को आरक्षण देने की कभी इच्छा ही नहीं रखी। वे लोगों के बीच भ्रम फैलाने और गुमराह करने वाले बयान दे रही हैं। अगर कांग्रेस की मंशा साफ होती तो उसके शासनकाल में ही महिलाओं को आरक्षण मिल गया होता।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीब और महिलाओं को हमेशा पिछड़ा रखना चाहती रही, जबकि पीएम मोदी की सरकार उन्हें सशक्त बनाने का काम कर रही है।
बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर मनन मिश्रा ने कहा कि बिहार में जो कुछ भी हो रहा है, वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में हो रहा है। उनकी इच्छा राज्यसभा जाने की थी, वे अब सदस्य बन चुके हैं, उन्होंने शपथ भी ली। अब बिहार का नया मुख्यमंत्री भाजपा का होगा, जिसका चयन नीतीश कुमार और शीर्ष नेतृत्व विधायकों की सहमति से करेंगे। यह बिहार के लिए अच्छी खबर है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
