पिथौरागढ़ में आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन 2.0 की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, 24 से 26 अक्टूबर तक होगा आयोजन
गूंजी, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन 2.0 का आयोजन 24 से 26 अक्टूबर तक होने जा रहा है। आयोजन को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने गूंजी पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सेना, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में आयोजित होने वाली इस मैराथन में धावकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मैराथन के दौरान धावकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मार्ग पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए डॉक्टरों और एंबुलेंस की तैनाती की जाएगी। साथ ही, धावकों को आवश्यक जलपान और पानी उपलब्ध कराने के लिए स्नैक्स एवं हाइड्रेशन प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मैराथन मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को रास्ते से मलबा और पत्थर हटाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मार्ग की स्थिति का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि धावकों को दौड़ के दौरान किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा, धावकों के ठहरने और अन्य बुनियादी सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। टेंट, बैठने की व्यवस्था, शौचालय और साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए छियालेख में हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही आवश्यक संपर्क नंबर भी जारी किए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य मैराथन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के साथ-साथ आदि कैलाश क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देना और इसे नई पहचान दिलाना है।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम
