9वीं में पढ़ने वाली दिव्या तिवारी ने भोजपुरी में गीत लिखकर दी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई
वापी, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 76वें जन्मदिन पर देशभर से बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं। गुजरात के वापी की रहने वाली महज 15 वर्ष की एक किशोरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर एक अनोखी पहल की है। कक्षा 9 में पढ़ने वालीं दिव्या तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भोजपुरी भाषा में एक खास गीत लिखा है। इस गीत के जरिए दिव्या ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
नन्हीं उम्र में गीत लिखने वाली दिव्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों और उनकी कार्यशैली से प्रभावित हैं। दिव्या ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर उन्हें खास तोहफा देने के लिए यह गीत तैयार किया है।"
दिव्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसक हैं और उनकी कार्यशैली से प्रभावित होकर उनके लिए गीत लिखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी भावनाओं को दिव्या ने शब्दों में उतारा है। दिव्या के इस प्रयास को लेकर उनके परिवार में भी उत्साह का माहौल है। वहीं, वापी में भी नन्हीं गीतकार की इस पहल की चर्चा हो रही है।
आम तौर पर प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर लोग अलग-अलग तरीके से शुभकामनाएं देते हैं, लेकिन वापी की इस किशोरी ने अपनी प्रतिभा के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देने का अनोखा तरीका अपनाया है। 15 वर्ष की दिव्या तिवारी ने भोजपुरी और हिंदी भाषा में गीत लिखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को खास बनाने का प्रयास किया है।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर कटरा से श्री माता वैष्णो देवी भवन आए श्रद्धालुओं ने उन्हें बधाई दी और उनके लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की। कई तीर्थयात्रियों ने कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी के लिए प्रार्थना करने और आशीर्वाद मांगने के लिए मंदिर आए हैं और वे चाहते हैं कि वे कई और वर्षों तक देश की सेवा करते रहें।
आईएएनएस से बातचीत करते वैष्णो देवी के दर्शन करने आए गोरखपुर के एक शख्स ने कहा कि मैंने तय किया था कि आज के दिन माता वैष्णो देवी का दर्शन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र की कामना करूंगा। पूरे परिवार के साथ दर्शन माता के दर्शन करने जा रहा हूं। प्रधानमंत्री से मेरा निवेदन है कि कोई भी दूसरा देश अपने देश के ऊपर उंगली उठा रहा है तो उसको मुंहतोड़ जवाब देने का काम करें। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की कर रहा है। जो भी दुश्मन आंख दिखाता है, उसको नरेंद्र मोदी मुंहतोड़ जवाब देते हैं।
गोरखपुर से मां वैष्णो देवी के दर्शन करने आईं आभा सिंह ने कहा, "हमने तय किया था कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर मां के दर्शन करने जाएंगे और मां से प्रार्थना करेंगे कि वे खुशहाल रहें और उनकी लंबी उम्र हो, जिससे कि वे देश को प्रगति के मार्ग पर अग्रसर करें। प्रधानमंत्री ने हर क्षेत्र में विकास किया है। एक और श्रद्धालु ने कहा कि प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। वे दीर्घायु हों।
--आईएएनएस
एसडी/वीसी
