Aapka Rajasthan

90 के दशक में मैगजीन मुझे और जेबा बख्तियार को एक-दूसरे के खिलाफ बताते थे प्रतिद्वंद्वी : सोमी अली

मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। आज के दौर में जहां सोशल मीडिया के जरिए फैंस सीधे अपने पसंदीदा सितारों से जुड़ जाते हैं, वहीं एक समय ऐसा भी था जब फिल्मी दुनिया की खबरें सिर्फ मैगजीन और अखबारों के जरिए ही लोगों तक पहुंचती थीं। उस दौर में जो छपता था, वही सच माना जाता था। 90 के दशक का बॉलीवुड इसी तरह के किस्सों से भरा हुआ है, जब सितारों के बीच की दोस्ती और रिश्तों को अक्सर अलग रंग देकर पेश किया जाता था। अब उसी दौर को याद करते हुए अभिनेत्री सोमी अली ने एक पुराना किस्सा साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे उन्हें और जेबा बख्तियार को लेकर मैगजीन ने गलत छवि बनाई थी।
 
सोमी अली ने अपने सोशल मीडिया पर एक थ्रोबैक पोस्ट शेयर करते हुए 90 के दशक की मीडिया कल्चर पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ''उस समय सोशल मीडिया जैसी कोई चीज नहीं थी, जिससे लोग सेलिब्रिटीज की असली जिंदगी को समझ सकें। इस वजह से मैगजीन और टैब्लॉइड्स को खुली छूट मिल जाती थी और वे अपनी मर्जी से कहानियां बनाकर छापते थे। उस दौर में दर्शकों के पास कोई दूसरा जरिया नहीं होता था, जिससे वे सच्चाई जान सकें।''

अपनी पोस्ट में सोमी अली ने साल 1993 की एक खास मुलाकात का जिक्र किया, जब उनकी पहली बार जेबा बख्तियार से मुलाकात हुई थी। उन्होंने बताया, ''हम दोनों ही पाकिस्तान में जन्मी थीं लेकिन मेरा पालन-पोषण अमेरिका में हुआ था। इस समानता को आधार बनाकर उस समय की मैगजीन ने हम दोनों के बीच प्रतिस्पर्धा और टकराव की कहानी गढ़ने की कोशिश की, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग थी।''

उन्होंने कहा, "मैगजीन की यह कोशिश कभी सफल नहीं हो पाई। असल जिंदगी में मेरे और जेबा बख्तियार के बीच कोई राइवलरी नहीं थी बल्कि हमारे बीच सम्मान और समझ का रिश्ता था। मैं आज भी उस पहली मुलाकात को अच्छे अनुभव के तौर पर याद करती हूं और मेरे मन में जेबा के लिए काफी इज्जत है।"

सोमी अली ने जेबा बख्तियार की तारीफ करते हुए कहा, ''वह बेहद खूबसूरत और अच्छी इंसान हैं। वह हमेशा खुश रहें और उन्हें जिंदगी में हर खुशी मिले।''

अगर जेबा बख्तियार की बात करें तो उन्होंने साल 1991 में रिलीज हुई फिल्म 'हिना' से पहचान हासिल की थी। इस फिल्म में उनके साथ ऋषि कपूर और अश्विनी भावे नजर आए थे। फिल्म का निर्देशन रणदीर कपूर ने किया था। भारत-पाकिस्तान की पृष्ठभूमि पर बनी इस प्रेम कहानी को दर्शकों ने काफी पसंद किया।

--आईएएनएस

पीके/पीएम