Aapka Rajasthan

9 महीने से कम समय में 1 करोड़ से अधिक एचपीवी टीकाकरण की उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने की तारीफ

नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। देश ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के अपने प्रयासों में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 'राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान' के तहत, इसके शुरू होने के नौ महीने से भी कम समय में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन की 1 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं।
 

नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। देश ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के अपने प्रयासों में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 'राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान' के तहत, इसके शुरू होने के नौ महीने से भी कम समय में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन की 1 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने इस उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, राज्य सरकारों और सभी स्वास्थ्यकर्मियों की तारीफ की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "9 महीने से भी कम समय में एचपीवी वैक्सीन की 1 करोड़ से ज्यादा डोज देने की भारत की कामयाबी सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ी कामयाबी है। मैं इस देशव्यापी कैंपेन को सफलतापूर्वक लागू करने में शामिल स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, राज्य सरकारों और सभी हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स की तारीफ करता हूं।"

उपराष्ट्रपति ने आगे लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, यह शानदार तरक्की सरकार के प्रिवेंटिव हेल्थकेयर को मजबूत करने, टीनएज लड़कियों की सुरक्षा करने और महिलाओं की पीढ़ियों के लिए एक हेल्दी भविष्य बनाने की लगातार प्रतिबद्धता को दिखाती है। एक हेल्दी भारत की ओर एक बड़ा कदम!"

बता दें कि फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 वर्ष की किशोरियों को माता-पिता की सहमति से मुफ्त, सुरक्षित और स्वैच्छिक सिंगल-डोज एचपीवी टीकाकरण किया जाता है। इस अभियान के तहत लगभग 1.2 करोड़ बच्चियों के एचपीवी टीकाकरण का वार्षिक लक्ष्य था। अब तक लगभग 87 प्रतिशत वैक्सीनेशन किया जा चुका है। नौ महीने के अंदर 1 करोड़ से भी ज्यादा खुराक दी जा चुकी है।

बीते शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा (जेपी नड्डा) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके लिखा था, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉन्च किए जाने के नौ महीने से भी कम समय में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान ने बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की दिशा में यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार को 100 प्रतिशत कवरेज हासिल करने के लिए बधाई, जबकि 12 राज्यों ने 80 प्रतिशत का आंकड़ा पार कर लिया है।"

--आईएएनएस

एसडी/एएस