राज कपूर की बेटी रीमा जैन के 70वें जन्मदिन पर कपूर परिवार ने लुटाया प्यार
मुंबई, 28 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा के 'शोमैन' राज कपूर की सबसे छोटी बेटी रीमा जैन सोमवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। रीमा जैन, अभिनेता रणबीर कपूर, करीना कपूर और करिश्मा कपूर की बुआ हैं। इस विशेष अवसर पर उनके परिजनों और फिल्म जगत की तमाम जानी-मानी हस्तियों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
अभिनेता अनिल कपूर की पत्नी सुनीता ने रीमा जैन के साथ इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "हर किसी के जीवन के हर पड़ाव पर एक ऐसा दोस्त होता है, जो केवल किस्मत वालों को ही मिलता है। जन्मदिन मुबारक हो (रीमा जैन)! बहुत सारा प्यार। खुश रहो, स्वस्थ रहो।"
अभिनेता संजय कपूर ने भी रीमा जैन के साथ इंस्टाग्राम पर पुरानी तस्वीरें पोस्ट कर लिखा, "70वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं, रीमा जैन। बहुत सारा प्यार और शुभकामनाएं।"
रिद्धिमा कपूर साहनी ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन में रीमा जैन के साथ पुरानी तस्वीर पोस्ट की, जिसमें रीमा एक बच्चे को गोद में लिए हुए हैं। रिद्धिमा ने लिखा, "सबसे कूल बुआ को 70वें जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई!!! मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं। आपका दिन प्यार और मजेदार पलों से भरा रहे।"
अभिनेत्री करीना कपूर खान ने इंस्टाग्राम पर एक मोंटाज वीडियो पोस्ट किया, जिसमें परिवार के खुशहाल पल शामिल हैं। उन्होंने लिखा, "हमारी रीमा बुआ को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। बहुत सारा प्यार, आप हमारी जिंदगी को और भी ज्यादा खुशहाल बनाती हैं।"
नीतू कपूर ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन में रीमा जैन के साथ सेल्फी शेयर करते हुए लिखा, "70वां जन्मदिन मुबारक हो, रीमा जैन। टीनएज से लेकर अब तक हमने बहुत कुछ साथ में देखा है। भगवान आपको खुश रखे और खूब सारा प्यार दे।"
रीमा जैन की शादी जाने-माने बिजनेसमैन मनोज जैन से हुई थी। उनके दो बेटे हैं- अरमान जैन और आदर जैन। दोनों ही फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं।
रीमा जैन फिल्मों की चकाचौंध से दूर रहती हैं, लेकिन कपूर परिवार के हर पारिवारिक समारोह, त्योहार और पूजा-पाठ में उनकी मुख्य भूमिका होती है। कपूर परिवार में गणेश चतुर्थी की प्रसिद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने और मनाने में उनका विशेष योगदान रहा है।
--आईएएनएस
एनएस/एएस
