ईएसआईसी-असम में प्रोफेसर समेत 34 पदों पर वैकेंसी, 69 वर्ष तक के उम्मीदवार पात्र, 10 जुलाई को वॉक-इन इंटरव्यू
दिसपुर, 3 जुलाई (आईएएनएस)। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), असम ने अपने मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, बेल्टोला, गुवाहाटी-22 में कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर विभिन्न विभागों में टीचिंग फैकल्टी के कुल 34 पदों पर नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है। इनमें यूआर के 8, ओबीसी के 14, एससी के 8, एसटी का 1 और ईडब्ल्यूएस के 3 पद शामिल हैं।
ईएसआईसी-असम की ओर से जारी रिक्तियों में प्रोफेसर के 6, एसोसिएट प्रोफेसर के 14 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 14 पद शामिल हैं।
ईएसआईसी ने जिन विभागों में टीचिंग फैकल्टी के पदों पर भर्ती निकली है, उनमें एनाटॉमी (एसोसिएट प्रोफेसर-1, असिस्टेंट प्रोफेसर-1), फिजियोलॉजी (एसोसिएट प्रोफेसर-1), बायोकेमिस्ट्री (असिस्टेंट प्रोफेसर-1), फार्माकोलॉजी (प्रोफेसर-1, एसोसिएट प्रोफेसर-1), माइक्रोबायोलॉजी (एसोसिएट प्रोफेसर-1), एफएमटी (प्रोफेसर-1), कम्युनिटी मेडिसिन (एसोसिएट प्रोफेसर-1), जनरल मेडिसिन (असिस्टेंट प्रोफेसर-2), पीडियाट्रिक्स (प्रोफेसर-1, एसोसिएट प्रोफेसर-1), डर्मेटोलॉजी (एसोसिएट प्रोफेसर-1, असिस्टेंट प्रोफेसर-1), साइकियाट्री (एसोसिएट प्रोफेसर-1, असिस्टेंट प्रोफेसर-1), जनरल सर्जरी (प्रोफेसर-1, एसोसिएट प्रोफेसर-1, असिस्टेंट प्रोफेसर-1), ऑर्थोपेडिक्स (प्रोफेसर-1, एसोसिएट प्रोफेसर-1), ईएनटी (एसोसिएट प्रोफेसर-1), ऑप्थल्मोलॉजी (असिस्टेंट प्रोफेसर-1), एनेस्थीसिया (प्रोफेसर-1, एसोसिएट प्रोफेसर-1), रेडियोडायग्नोसिस (एसोसिएट प्रोफेसर-1, असिस्टेंट प्रोफेसर-2), एक्सीडेंट और इमरजेंसी (असिस्टेंट प्रोफेसर-2), आईसीयू (असिस्टेंट प्रोफेसर-2) और मेडिकल ऑन्कोलॉजी (एसोसिएट प्रोफेसर-1) पद शामिल हैं।
इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी प्रोफेसर पोस्ट के लिए 1,18,500 रुपए, एसोसिएट प्रोफेसर के लिए 78,800 रुपए और असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए 67,700 रुपए प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार एमएससी (मेडिकल) और पीएचडी मेडिकल होना चाहिए। आवेदकों की अधिकतम आयु 69 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू की तारीख के हिसाब से की जाएगी।
वॉक-इन इंटरव्यू 10 जुलाई को 'डीन का कक्ष, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल, बेल्टोला, गुवाहाटी-781022' पते पर आयोजित किया जाएगा। इसी दिन साक्षात्कार से पहले सुबह 9 से 9.30 बजे के बीच उम्मीदवारों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा। ऐसे में जो अभ्यर्थी इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित दस्तावेजों की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है। ध्यान दें कि जिन उम्मीदवारों के दस्तावेज वेरिफाई हो जाएंगे, उन्हें ही वॉक-इन इंटरव्यू में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।
आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईएसआईसी-असम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। पोर्टल पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन केंद्र पर ले जाएं। इसी के साथ आवेदन पत्र को सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ अधिसूचना में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया शुरू होने से पहले मेल कर दें।
बता दें कि ईएसआईसी-असम की ओर से टीचिंग फैकल्टी के पोस्ट पर यह भर्ती शुरू में अनुबंध के आधार पर 3 वर्ष के लिए की जाएगी, जिसे उम्मीदवारों के संतोषजनक परफॉर्मेंस के आधार पर हर वर्ष 2 वर्ष तक और बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, कॉन्ट्रैक्ट की अधिकतम अवधि 5 वर्ष या 70 वर्ष की उम्र पूरी होने या रेगुलर फैकल्टी के जॉइन करने तक, इनमें से जो भी पहले हो, तक होगी।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
