50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए तो 5 किलो राशन देना बंद क्यों नहीं किया, उदित राज का सरकार से सवाल
नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता उदित राज ने राहुल गांधी की भारतीय अर्थव्यवस्था पर की गई टिप्पणी का बचाव करते हुए कहा कि देश की आर्थिक स्थिति और अन्य मुद्दों पर सच बोलना भारत विरोधी या देश का अपमान करना नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस दावे पर भी सवाल उठाए, जिसमें पिछले 12 वर्षों में 50 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने की बात कही गई है।
उदित राज ने सवाल उठाया कि यदि इतनी बड़ी संख्या में लोग गरीबी से बाहर आ चुके हैं तो उन्हें पांच किलो राशन देने की व्यवस्था बंद क्यों नहीं की जाती। उन्होंने किसानों को दी जा रही सम्मान निधि का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि सरकार को अपने दावे के अनुरूप कदम उठाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गैर-जिम्मेदाराना बयान देकर लोगों को उलझाती है। उदित राज ने कहा कि एक दावे पर सवाल उठने लगते हैं, तब तक दूसरा दावा सामने आ जाता है और फिर तीसरे बयान पर बहस शुरू हो जाती है।
प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जांच को लेकर वीरप्पा मोइली के बयान पर उदित राज ने कहा कि उस समय वह कांग्रेस पार्टी में नहीं थे और मोइली एक प्रभावशाली मंत्री थे। इसलिए इस मामले में उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने इसे मोइली का अपना अनुभव बताया।
राहुल गांधी की अर्थव्यवस्था पर टिप्पणी के संदर्भ में उदित राज ने कहा कि सूचना और संचार के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। आज सोशल मीडिया पर उपलब्ध सूचनाओं का नियंत्रण भी काफी हद तक अमेरिका से संचालित कंपनियों के पास है। उन्होंने मेटा का उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका में किसी मुद्दे पर बात होने का मतलब यह नहीं है कि भारत का अपमान किया जा रहा है। कई बार कोई खबर पहले अमेरिका में सामने आती है और उसके बाद भारत तक पहुंचती है।
उदित राज ने कहा कि सच्चाई सामने रखने से सरकार समय रहते जाग सकती है और देश के हित में सुधारात्मक कदम उठा सकती है। उन्होंने राहुल गांधी की बात का समर्थन करते हुए कहा कि वे देश के लिए बेहतर स्थिति की बात कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने सरकार से हिंदू-मुस्लिम और नफरत की राजनीति छोड़ने तथा झूठ बोलना बंद करने की अपील भी की।
वहीं, कांग्रेस नेतृत्व और सीटों के बंटवारे पर आजम खान की टिप्पणी के बारे में उदित राज ने कहा कि फिलहाल जरूरी है कि दोनों पार्टियों के बीच समझौता सही तरीके से हो। उन्होंने कहा कि देश और संविधान को बचाना और नफरत खत्म करना अधिक महत्वपूर्ण है। उदित राज ने आजम खान की टिप्पणी का स्वागत करते हुए कहा कि उनका इशारा भी इसी दिशा में है।
--आईएएनएस
पीएसके/वीसी
